Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली एयरपोर्ट पर सुधरे हालात, माइक्रोसॉफ्ट सर्वर करने लगा काम; रद्द और विलंबित फ्लाइट्स में आई कमी

Delhi Airport दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को हालात सुधरे नजर आए। माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को काफी फ्लाइट्स रद्द हुई थीं और विलंब भी हुईं। वहीं शनिवार को यह तकनीक में सुधार हुआ। इससे रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या में कमी आई। इससे हवाई यात्रियों को राहत की सांस मिली है।

By Gautam Kumar Mishra Edited By: Geetarjun Updated: Sat, 20 Jul 2024 08:07 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को हालात हो गए थे खराब।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई तकनीकी खराबी के दुरुस्त होने से देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट पर शनिवार को हालात शुक्रवार के मुकाबले बदले-बदले नजर आए। कुछेक अपवादों को छोड़ दें तो अब एयरपोर्ट में प्रवेश से लेकर अंदर चेकइन की प्रक्रिया सामान्य होने लगी है।

सुबह कुछ दिक्कत सामने आई लेकिन बाद में जैसे जैसे दिन बीतता गया, हालात सामान्य होते गए। एयरपोर्ट पर हालात सामान्य होने से यात्रियों में काफी राहत है।

रद्द उड़ानों की संख्या घटकर पहुंची 11

शुक्रवार को जहां रद्द उड़ानों की संख्या 47 थी। वहीं, शनिवार को यह संख्या घटकर 11 पहुंच गई। जिन भी उड़ानों को रद्द किया गया है, उनके ऑपरेटर का साफ-साफ कहना है कि यह ऑपरेशनल कारणों से हो रहा है। इसका सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी से कोई लेनादेना नहीं है।

एयर इंडिया ने क्या कहा

एयर इंडिया ने तो शुक्रवार को अपनी रद्द उड़ानों के बारे में शनिवार को स्थिति स्पष्ट की और कहा कि सॉफ्टवेयर गड़बड़ी से शुक्रवार को कोई उड़ान रद्द नहीं हुई। शनिवार को जो उड़ानें रद्द हुईं, उनमें एअर इंडिया एक्सप्रेस की गोआ, इंडिगो की अहमदाबाद, पटना, एअर इंडिया की इदौर, रांची, भोपाल, मुंबई व अकासा की गोरखपुर की उड़ानें शामिल थी।

विलंबित उड़ानों की संख्या भी हुई कम

शनिवार को शुक्रवार के मुकाबले विलंबित उड़ानों की संख्या में भी काफी कमी देखी गई। करीब 75 उड़ानें विलंबित रहीं। इनमें से एक दर्जन उड़ानों को छोड़ दें तो शेष सभी उड़ानें एक घंटा या इससे भी कम की देरी से गंतव्य के लिए रवाना हुई।

विलंबित उड़ानों में सर्वाधिक संख्या इंडिगो की उड़ानों की रही। इसके बाद स्पाइसजेट व एयर इंडिया का स्थान रहा। सर्वाधिक विलंब से एलायंस एयर की अहमदाबाद की उड़ान करीब साढ़े चार घंटे की देरी से रवाना हुई।

डिजियात्रा करने लगा काम

शनिवार को डिजियात्रा के उपयोगकर्ता यात्रियों में इस बात को लेकर संशय की स्थिति थी कि यह सिस्टम एयरपोर्ट पर काम कर रहा है या नहीं। कई यात्रियों ने इस बारे में एक्स पर दिल्ली एयरपोर्ट को टैग करते हुए सवाल पूछा।

ये भी पढ़ें- 'कोई भी भगवान का स्थान नहीं ले सकता', दिल्ली एयरपोर्ट पर CPR देकर बुजुर्ग की जान बचाने वाली डॉक्टर ने बताया पूरा हाल

दिल्ली एयरपोर्ट संचालन एजेंसी डायल ने कहा कि डिजियात्रा पूरी तरह काम कर रहा है। हालांकि यात्रियों का कहना है कि सुबह में कुछ समय के लिए सिस्टम में कुछ दिक्कत आई लेकिन इसे दुरुस्त कर लिया गया। इसी तरह सुबह अलग-अलग जगहों पर टर्मिनल के भीतर लगे स्क्रीन बोर्ड पर भी कुछ समस्या आई, लेकिन यह भी ठीक हो गया।