Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

BJP विधायक राष्ट्रपति से मिलकर करेंगे दिल्ली विधानसभा भंग करने की मांग, सत्ता पक्ष पर लगाया सदस्यों के अधिकार छीनने का आरोप

भाजपा विधायक विधानसभा के प्रत्येक सत्र में दिल्ली की जनता से जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए समय पर नोटिस देते हैं लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी जाती है। यदि विपक्ष का कोई विधायक दिल्ली से संबंधित विषय को उठाना चाहता है तो उसे सदन से बाहर कर दिया जाता है। नेता प्रतिपक्ष को भी बोलने से रोका जाता है।

By Santosh Kumar Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Tue, 13 Feb 2024 02:53 PM (IST)
Hero Image
राष्ट्रपति से मिलकर भाजपा विधायक करेंगे दिल्ली विधानसभा भंग करने की मांग

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में प्रश्न काल नहीं रखे जाने का भाजपा विधायकों ने विरोध किया है। उन्होंने सत्ता पक्ष पर विधानसभा सदस्यों के संवैधानिक अधिकार छीनने का आरोप लगाया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि विधायक प्रश्न काल में अपने क्षेत्र और दिल्ली सरकार से संबंधित प्रश्न पूछते हैं।

"नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जाता है"

भाजपा विधायक विधानसभा के प्रत्येक सत्र में दिल्ली की जनता से जुड़े मामलों पर चर्चा के लिए समय पर नोटिस देते हैं, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी जाती है। यदि विपक्ष का कोई विधायक दिल्ली से संबंधित विषय को उठाना चाहता है तो उसे सदन से बाहर कर दिया जाता है।

नेता प्रतिपक्ष को भी बोलने से रोका जाता है। दिल्ली सरकार के इस रवैये के विरोध में भाजपा विधायक राष्ट्रपति से मिलकर दिल्ली विधानसभा को भंग करने की मांग करेंगे।

दिल्ली सरकार के दो पूर्व मंत्रियों की हुई गिरफ्तारी

विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में दिल्ली सरकार के दो पूर्व मंत्रियों की गिरफ्तारी हुई है। उन्हें नियमित जमानत नहीं मिल रही है। सरकार से आबकारी व जल बोर्ड घोटाले को लेकर भाजपा विधायक जवाब मांगेंगे।

मुख्यमंत्री व मंत्री आतिशी ने भाजपा पर आप विधायकों को तोड़ने का तथ्यहीन आरोप लगाया था। इसकी पुलिस से शिकायत की गई थी। मुख्यमंत्री से इसका जवाब मांगा जाएगा। दिल्ली परिवहन निगम में बसों की कमी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुजुर्गों को पेंशन, यमुना की सफाई, जल बोर्ड अन्य बोर्ड की खराब वित्तीय स्थिति के बारे में भी सरकार से जानकारी मांगी जाएगी।

सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही भाजपा- मुख्य सचेतक अजय महाव

मुख्य सचेतक अजय महावर ने कहा कि भाजपा सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है। विधायक व दिल्ली भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अभय वर्मा ने कहा कि सरकार को विपक्ष के प्रश्नों का जवाब देना होगा।

विधायक जितेंद्र महाजन ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की समस्या पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। विधायक अनिल बाजपेई ने कहा कि कई मोहल्ला क्लीनिक बिना डाक्टर के चल रहे हैं। सड़कों की दशा खराब है।