Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

CM ही नहीं, दिल्ली को दो नए मंत्री भी मिलेंगे, पूरी कैबिनेट में होगा बदलाव; इन नामों पर चर्चा तेज

दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिलने के साथ ही दो नए मंत्री भी मिल सकते हैं। आतिशी के मुख्यमंत्री बनने पर कैबिनेट में दो पद रिक्त होंगे जिनमें से एक पद आतिशी का होगा और दूसरा पद राज कुमार आनंद के इस्तीफे के बाद से खाली है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली के पूरे मंत्रिमंडल में बदलाव हो सकता है और मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल संभव है।

By V K Shukla Edited By: Sonu Suman Updated: Mon, 16 Sep 2024 07:39 PM (IST)
Hero Image
सीएम के साथ-साथ दो नए मंत्रियों पर आ सकता है फैसला।

वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का ही नहीं, आज दो मंत्रियों के नाम पर भी फैसला हो सकता है। आतिशी मुख्यमंत्री बनती हैं तो कैबिनेट में दो नए मंत्री भी शपथ ले सकते हैं, क्योंकि आतिशी के मुख्यमंत्री बनने पर कैबिनेट में दो पद रिक्त हो जाएंगे, एक पद आतिशी का होगा और एक पद राज कुमार आनंद द्वारा इस्तीफा दे देने के बाद से रिक्त है। नए विधायकों को मंत्रिमंडल में मौका मिल सकता है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली के पूरे मंडिमंडल में बदलाव हाेने जा रहा है, मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव होना संभव है।

केजरीवाल सरकार के इस कार्यकाल में मंत्री बदलने की बात करें तो पहली बार अक्टूबर 2022 में कोई मंत्री बदला गया था, उस समय हिन्दू देवी देवताओं को लेकर विवादित बयान देने पर राजेंद्र पाल गौतम को उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उनके स्थान पर राज कुमार आनंद को मंत्री बनाया गया था।

मार्च 2023 में दो मंत्री बदले गए थे

इनके बाद दो मंत्री मार्च 2023 में बदले गए थे, जब आबकारी घोटाले मामले में मनीष सिसोदिया जेल चले गए थे। मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में उस समय के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन पहले से ही जेल में थे, मगर उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया था।

26 फरवरी 2023 को जेल जाने के बाद सिसोदिया के साथ साथ सत्येंद्र जैन ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इन दोनों मंत्रियों के स्थान पर सौरभ भारद्वाज और आतिशी को कैबिनेट में शामिल किया गया था। उस समय दिल्ली कैबिनेट में इन दोनाें नए मंत्रियों के अलावा गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन व राज कुमार आनंद मंत्रिमंडल में थे।

10 अप्रैल को राज कुमार आनंद ने दिया इस्तीफा

मगर लोकसभा चुनाव के माहौल में गत 10 अप्रैल को अचानक राज कुमार आनंद ने इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद से यह पद रिक्त है। कहा जा रहा है कि अगर किसी दलित चेहरा को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाता है तो कुलदीप कुमार के द्वारा कैबिनेट का यह पद भरा जा सकता है। कुमार आप से पूर्वी दिल्ली सीट से गत लोकसभा चुनाव लड़ चुकेे हैं और कोंडली से आप विधायक हैं।

वहीं मुख्यमंत्री पद के लिए रेस में आतिशी सबसे आगे चल रही हैं। इस पद के लिए पार्टी के अन्य नेताओं में गोपाल राय और कैलाश गहलोत का नाम भी लिया जा रहा है। आतिशी के मुख्यमंत्री बनने की स्थिति में एक और विधायक काे भी कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- आम आदमी पार्टी की PAC की बैठक खत्म, नए CM के नाम पर हुई चर्चा; कल होगी विधायक दल की मीटिंग

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर