Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi CM Oath Ceremony: जानिए कब हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह, आतिशी के साथ पूरी कैबिनेट होगी शामिल

दिल्ली के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद नामित मुख्यमंत्री आतिशी और उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। राजनिवास में होने वाले इस समारोह में सीमित अतिथि ही आमंत्रित होंगे। शपथ ग्रहण के बाद 26 और 27 सितंबर को दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया जा सकता है जिसमें आतिशी विश्वास मत भी पेश कर सकती हैं।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Wed, 18 Sep 2024 12:50 AM (IST)
Hero Image
जानिए कब हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह, आतिशी के साथ सभी नए-पुराने मंत्री लेंगे शपथ।

संजीव गुप्ता नई दिल्ली। इस्तीफा दे देने के बावजूद फिलहाल दिल्ली के कार्यवाहक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ही बने रहेंगे। जबकि नामित मुख्यमंत्री आतिशी के साथ मंत्रिमंडल के अन्य सभी सदस्यों का शपथ ग्रहण सप्ताहांत तक संभव है। राजनिवास में ही एलजी वीके सक्सेना शपथ दिलाएंगे।

राजनिवास के अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल का इस्तीफा और आतिशी का सरकार बनाने का दावा दोनों ही मंजूरी के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेज दिया गया है। इन्हें स्वीकृति मिलने में एक दो दिन का समय लग सकता है। इसके बाद ही शपथ ग्रहण का दिन तय होगा।

आमतौर पर भावी सीएम देते हैं तारीख

राजनिवास अधिकारियों ने बताया कि आमतौर पर शपथ ग्रहण का दिन या तारीख भावी मुख्यमंत्री की ओर से ही दे दी जाती है। लेकिन फिलहाल चूंकि ऐसी कोई तारीख नहीं सुझाई गई है तो राजनिवास की ओर से भी दी जा सकती है। इस आधार पर संभावना है कि शपथ ग्रहण समारोह सप्ताहांत में रखा जा सकता है।

नए-पुराने मंत्री लेंगे शपथ

बताया जाता है कि तकनीकी रूप से सीएम के इस्तीफा देने पर पूरी कैबिनेट भंग हो जाती है। इसलिए आतिशी के साथ-साथ उनकी कैबिनेट के सभी नए-पुराने सदस्य भी फिर से शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में सीमित अतिथि ही आमंत्रित होंगे। मंत्रियों के नाम और उनके विभाग तय करने का अधिकार भावी मुख्यमंत्री का ही होगा।

26 और 27 सितंबर को होगा विधानसभा सत्र

सरकारी सूत्रों के मुताबिक 26 और 27 सितंबर को दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया जा सकता है। इस दौरान नई मुख्यमंत्री आतिशी विश्वास मत भी पेश कर सकती हैं। इसके अलावा विधायी प्रक्रिया पूरी करने के साथ साथ ही दिल्ली से जुड़े कुछ मुददों पर चर्चा भी की जा सकती है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर