Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्लीवालों सावधान! आपके घर में पनपे मच्छर तो देना पड़ेगा जुर्माना, अब तक 39 हजार लोगों पर हुई कार्रवाई

Delhi Dengue Cases मच्छर नियंत्रण कानूनों को लागू करने के लिए एमसीडी ने 1.14 लाख से अधिक कानूनी नोटिस जारी किए और ऐसे 39338 लोगों के चालान काटे हैं जिन्होंने अपनी संपत्तियों पर मच्छरों को पनपने दिया। आंकड़ों के अनुसार नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों पर 24.82 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और 9241 लोगों के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज की गई है।

By ajay rai Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 25 Sep 2024 11:22 AM (IST)
Hero Image
राजधानी में सप्ताहभर में डेंगू के 300 मामले, मलेरिया व चिकनगुनिया के केस भी बढ़े

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Delhi Dengue Cases : नगर निगम की रिपोर्ट के मुताबिक बीते सात दिन में डेंगू के 300 से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं, इस वर्ष अब तक कुल 1,229 केस आ चुके हैं। दिल्ली में इस महीने तक मलेरिया के 363 केस आ चुके हैं, जबकि सितंबर 2023 में यह आंकड़ा 294 था। पिछले साल कुल मामले 426 थे।

सबसे अधिक केस पश्चिमी दिल्ली से आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, चिकनगुनिया के अब तक 43 मामले आए हैं। यह पिछले साल की तुलना में दोगुने हैं। पिछले वर्ष ये आंकड़ा 23 था। इस साल चिकनगुनिया के सबसे अधिक मामले दक्षिणी दिल्ली क्षेत्र से आए हैं। पिछले हफ्ते भी राजधानी में सात दिन में डेंगू के 208 मामले आए थे।

एक व्यक्ति की हो चुकी है मौत

इस वर्ष जनवरी से 21 सितंबर तक दिल्ली नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार शहर में डेंगू से लोक नायक अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। वहीं सितंबर में दिल्ली में डेंगू के 651 व पिछले माह 256 मामले सामने आए थे।

ये संख्या पिछले साल के मुकाबले कम है। वर्ष 2023 में दिल्ली में सितंबर महीने तक डेंगू के 3,013 मामले सामने आए थे, जो वर्ष 2022 के 525 मामलों से काफी ज्यादा थे।

नजफगढ़ जोन से सबसे ज्यादा मामले

इस साल सबसे ज्यादा मामले नजफगढ़ जोन से 180 हैं। एक हफ्ते में इस इलाके में सर्वाधिक 45 केस सामने आ चुके हैं। आंकड़ों के अनुसार, एनडीएमसी, दिल्ली कैंट और रेलवे जैसी अन्य एजेंसियों द्वारा शासित गैर-एमसीडी क्षेत्रों में कुल 312 डेंगू के मामले सामने आए।

इस आंकड़े में वे मरीज शामिल नहीं हैं, जिन्हें संक्रमण हुआ और वे दिल्ली के निवासी नहीं हैं या फिर जिन्होंने अधूरा या गलत पता दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि निगम इस साल डेंगू के मामलों को कम रखने में सक्षम रहा है। इसमें घर-घर जाकर निरीक्षण, नियमित कीटनाशक का छिड़काव और जन जागरूकता अभियान शामिल हैं।