Delhi Dengue Deaths: दिल्ली में डेंगू से तीन लोगों की मौत, एक 9 साल का बच्चा और किशोर भी शामिल
Delhi Dengue Outbreak दिल्ली में डेंगू का कहर जारी है। राजधानी में डेंगू से तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही डेंगू के मरीजों की संख्या 2000 के पार चली गई है। वहीं मलेरिया के 81 नए मरीजों के साथ कुल मरीजों का आंकड़ा 511 हो गया है। चिकनगुनिया के भी 14 नए मरीज सामने आए हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में डेंगू से तीन लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। इसमें नौ वर्षीय बच्ची के साथ ही 16 साल के किशोर और 51 वर्षीय एक व्यक्ति शामिल है। निगम ने बीते सप्ताह हुई डेथ ऑडिट रिपोर्ट कमेटी में इन तीनों में डेंगू से मृत्यु को पुष्ट कर दिया है। वहीं, राजधानी दिल्ली में शनिवार को समाप्त हुए एक सप्ताह में डेंगू के 485 नए मरीजों की पुष्टि हुई है।
इससे राजधानी डेंगू के मरीजों ने दो हजार का आंकड़ा पार कर दिया है। डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 2115 हो गई है तो वहीं मलेरिया के 81 नए मरीजों के साथ कुल मरीजों का आंकड़ा 511 हो गया है। जो कि बीते वर्षों की तुलना में सर्वाधिक है। इसकी चिकनगुनिया के 14 नए मरीजों के साथ कुल मरीजों का आंकड़ा 69 हो गया है। पांच वर्ष में यह भी इस वर्ष सर्वाधिक है।
एमसीडी की डेथ ऑडिट रिपोर्ट कमेटी के एक सदस्य ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि तीन लोगों की मृत्यु डेंगू से हुई है। इसमें बुद्ध विहार की रहने वाली नौ वर्षीय बच्ची और सैनिक फार्म के रहने वाले 51 वर्षीय व्यक्ति व संगम विहार के 16 वर्षीय किशोर की डेंगू से मृत्यु अगस्त-सितंबर के बीच में हुई थी।
निगम के पास इसकी रिपोर्ट आई थी, जिसमें मानकों के आधार पर हमने तीनों मृत्यु को डेंगू से माना है। अधिकारी ने कहा कि बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष डेंगू के मरीज कम हैं। क्योंकि बीते वर्ष एक जनवरी से लेकर पांच अक्टूबर तक की समय-सीमा के बीच में डेंगू के 3952 मरीज आए थे जबकि इस वर्ष 2115 मरीज आए हैं।
हालांकि बीते वर्षों की तुलना में इस वर्ष मलेरिया का प्रकोप ज्यादा देखने को मिल रहा है। वर्ष 2020 में मलेरिया के 189, 2021 में 127, 2022 में 153 और 2023 में 329 मरीज हुई दर्ज एक जनवरी से लेकर पांच अक्टूबर की समय-सीमा में दर्ज किए गए थे। 2023 जनवरी से लेकर दिसंबर तक मलेरिया के 426 मरीज दर्ज किए गए थे।
ऐसे में जिस तेजी से मलेरिया के मरीज बढ़ रहे हैं, ऐसा लगता कि मलेरिया के मरीजों की संख्या रिकार्ड कायम करेगी। डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या भी चिंता जनक है क्योंकि एक सप्ताह में पांच सौ के करीब मरीजों का दर्ज होना बताता है कि अभी मामले और बढ़ेंगे, क्योंकि अगस्त से लेकर नंवबर तक मामले सर्वाधिक दर्ज होते हैं।
राजधानी में वैसे तो डेंगू से कई मृत्यु होने की बात कही जा चुकी है लेकिन निगम की डेथ ऑडिट कमेटी जिसे पुष्ट करती है उसे ही अधिकारिक माना जाता है। सफदरजंग और एलएन अस्पताल में भी डेंगू से मरीजों की मृत्यु की खबर बीते सप्ताह आई थी।