Move to Jagran APP

Delhi Flood Alert: सिविल लाइंस में बाढ़ से बुरा हाल, घरों में भरा छह फुट तक पानी; सब कुछ बह गया

Delhi Flood Alert रिंग रोड से लगी कॉलोनियों के घरों और बंगलों में रहने वाले लोगों को इसका अंदाजा नहीं था कि बृहस्पतिवार की सुबह उनके लिए इतनी भयावह होगी। सुबह छह बजते ही उनके घरों में यमुना का पानी घुसने लग गया। कश्मीरी गेट स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलेज के पीछे की गलियों में भोर से ही पानी भरना शुरू हो गया था।

By Nimish HemantEdited By: Abhishek TiwariUpdated: Thu, 13 Jul 2023 10:22 PM (IST)
Hero Image
Delhi Flood Alert: सिविल लाइंस के घरों में छह फुट तक पानी, सब कुछ बह गया

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। रिंग रोड से लगी कॉलोनियों के घरों और बंगलों में रहने वाले लोगों को इसका अंदाजा नहीं था कि बृहस्पतिवार की सुबह उनके लिए इतनी भयावह होगी।

सुबह छह बजते ही उनके घरों में यमुना का पानी घुसने लग गया। कश्मीरी गेट स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलेज के पीछे की गलियों में भोर से ही पानी भरना शुरू हो गया था। मरघट वाले हनुमान मंदिर के साथ ही इन कॉलोनियों के घरों का भी यहीं हाल था।

यहां के निवासियों ने कभी नहीं सोचा था कि यमुना इतना रौंद्र रूप धारण कर लेंगी कि उनके घरों में भी घुस आएंगी। जिला प्रशासन ने भी इन्हें इसे लेकर सचेत नहीं किया था।

ऐसे में घरों में रखा सामान, बिस्तर, गाड़ियां सब जलमग्न हो गई। यही हाल चंदगीराम अखाड़ा के सामने रिंग रोड किनारे बने घरों का भी रहा। यहां घरों में पांच फीट से अधिक पानी भर गया। दिन के उजाले के साथ आधे घंटे में ही पूरी तस्वीर बदल चुकी थी।

संभलने तक का भी मौका नहीं मिला। ऐसे में लोग आफिस और अपने कारोबारी प्रतिष्ठानों पर जाने की जगह, खुद को सुरक्षित रखने की जतन में जुट गए। लोगों ने सामानों को भी सुरक्षित रखने की कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हुए।

बुजुर्ग माता-पिता के साथ छोटे-छोटे बच्चे थे। जिन्हें भी सुरक्षित करना था। हनुमान मंदिर के नजदीक कालोनी निवासी गौतम ने रूआंसे होते हुए कहा कि उनका घर स्वीमिंग पुल हो गया। घर में पार्क गाड़ियां तक डूब गई। जीवनभर की जमा पूंजी खराब हो चुकी है।

गोशाला में फंसी 20 से 25 गायें

यमुना बाजार धर्म संघ गोशाला में 250 गायें थी, जिनमें से 220 तक गायों को निकाला गया है, लेकिन 20 से 25 गाय फंस गई है। गो शाला संचालक ज्ञानेश्वर ने बताया कि गायों को बचाने को लेकर उन्होंने बचाव दल की टीम से संपर्क किया है, लेकिन अभी तक उन्हें निकाला नहीं जा सका है।

ऐतिहासिक मरघट वाला हनुमान मंदिर बंद

जल भराव से कश्मीरी गेट स्थित मरघट वाला हनुमान मंदिर में भी भक्तों के प्रवेश को रोक दिया गया है। मंदिर प्रबंधन द्वारा भक्तों से आग्रह किया गया है वे दर्शन के लिए मंदिर न आए।

बाढ़ दर्शन के लिए भी पहुंच रहे थे लोग

कश्मीरी गेट रिंग रोड तथा आस-पास के इलाकाें में आए यमुना के पानी को देखने के लिए भी लोग उत्सुकता वश पहुंच रहे थे और अपने फोन में तस्वीरों को कैद कर रहे थे। फ्लाईओवरों पर रूक कर भी लोग बाढ़ का दृश्य देख रहे थे। इसी तरह पुरानी दिल्ली से कई रिक्शे वाले बाढ़ दर्शन के लिए प्रति सवारी 200 रुपये किराया वसूल रहे थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।