Move to Jagran APP

Delhi Flood News: बढ़ा यमुना का जलस्तर, निगम बोध घाट में आज से अंतिम संस्कार शुरू; पौधारोपण पर रोक

बुधवार रात से यमुना एक बार फिर से खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। यमुना में आई बाढ़ ने नदी किनारे होने वाले पौधारोपण पर भी रोक लगा दी है। बाढ़ में यहां पर पिछले वर्षों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए लाखों पौधे भी बह गए हैं। इन हालातों के मद्देनजर वन विभाग ने यमुना किनारे होने वाले पौधारोपण पर रोक लगा दी है।

By Jagran NewsEdited By: Narender SanwariyaPublished: Thu, 20 Jul 2023 04:57 AM (IST)Updated: Thu, 20 Jul 2023 04:57 AM (IST)
दिल्ली फिर होगी पानी-पानी, बढ़ा यमुना का जलस्तर; निगम बोध घाट में आज से अंतिम संस्कार शुरू, पौधारोपण पर रोक

नई दिल्ली, संजीव गुप्ता। हिमाचल और उत्तराखंड में हुई भारी बारिश के कारण हरियाणा और दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बुधवार रात से यमुना एक बार फिर से खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। जिसके कारण दिल्ली के कई इलाकों में एक बार फिर से जलभराव का खतरा उत्पन्न हो गया है। लाल किला, रिंग रोड और यमुना बाजार समेत कई इलाकों में अभी तक पानी भरा हुआ है।

यमुना में आई बाढ़ ने नदी किनारे होने वाले पौधारोपण पर भी रोक लगा दी है। बाढ़ में यहां पर पिछले वर्षों में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए लाखों पौधे भी बह गए हैं। इन हालातों के मद्देनजर वन विभाग ने यमुना किनारे होने वाले पौधारोपण के कार्यक्रम को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पहले वर्तमान स्थिति का आकलन किया जाएगा। उसके बाद ही अब यहां पर पौधारोपण होगा।

गौरतलब है कि साप्ताहिक वन महोत्सव में गत रविवार को यमुना के बाढ़ क्षेत्र में कई जगह पौधारोपण कार्यक्रम होने थे। इसमें गढ़ी मांडू भी शामिल था, लेकिन कार्यक्रम को रद कर दिया गया। आइएसबीटी से बहाल हुई बस सेवा : कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे (आइएसबीटी) से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवा बहाल हो गई। बुधवार भोर से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उप्र, राजस्थान व जम्मू-कश्मीर के लिए बस सेवा शुरू हो गई है।

निगम बोध घाट में आज से अंतिम संस्कार शुरू

निगम बोध घाट पर गुरुवार से आंशिक रूप से अंतिम संस्कार शुरू हो जाएंगे। फिलहाल 45 चिता प्लेटफार्म के माध्यम से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि सीएनजी के छह शवदाह गृह के साथ ही अन्य बची 90 चिताओं से भी अंतिम संस्कार की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की कोशिश होगी।

बाढ़ प्रभावित इलाके में दवाओं का छिड़काव व फागिंग के निर्देश

बाढ़ के समय होने वाली बीमारियों के खतरे को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाके में दवाओं के छिड़काव व फागिंग का काम बड़े स्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। राजस्व मंत्री ने इस बारे में मंडलायुक्त को पत्र लिखा है। आतिशी कहा है कि दवाओं का छिड़काव एवं फागिंग का कार्य बुधवार से शुरू हुआ है और यह सात दिन तक चलेगा। इसे बड़े स्तर पर चलाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने इस कार्य की दैनिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और स्वयं को सौंपने के निर्देश दिए हैं।

22 जुलाई तक वर्षा का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन तक हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में सामान्य और 22 जुलाई से तेज वर्षा की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में भी अगले दो दिन तक हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। सेना, नौसेना और हरियाणा सरकार के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम बुधवार को भी आइटीओ बैराज के बंद गेट खोलने की कोशिश में जुटी रही। अब तक दो गेट खुले हैं। तीन गेट खोलने की कोशिश जारी है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.