Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi: ज्वेलरी शोरूम में 25 करोड़ की कैसे हुई चोरी? स्ट्रांग रूम में घुसने को चोरों ने क्यों तोड़ी यही दीवार

चोरों ने शोरूम की पूरी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। शातिरों ने पहले तो इलेक्ट्रानिक पैनल को तोड़ा ताकि बिजली सप्लाई को बंद किया जा सके। फिर स्ट्रांग रूम (लॉकर) की एकमात्र सीमेंट की दीवार को तोड़कर अंदर घुसे। पुलिस की प्राथमिक जांच इन्हीं तथ्यों पर आगे बढ़ रही है। पुलिस को शक है कोई करीबी या परिचित वारदात में शामिल रहा है।

By Jagran NewsEdited By: GeetarjunUpdated: Tue, 26 Sep 2023 09:12 PM (IST)
Hero Image
Delhi: ज्वेलरी शोरूम में 25 करोड़ की कैसे हुई चोरी?

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। चोरों ने शोरूम की पूरी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। शातिरों ने पहले तो इलेक्ट्रानिक पैनल को तोड़ा, ताकि बिजली सप्लाई को बंद किया जा सके।

फिर स्ट्रांग रूम (लॉकर) की एकमात्र सीमेंट की दीवार को तोड़कर अंदर घुसे। पुलिस की प्राथमिक जांच इन्हीं तथ्यों पर आगे बढ़ रही है। पुलिस को शक है कोई करीबी या परिचित वारदात में शामिल रहा है।

शोरूम के स्ट्रांग रूम की चार दीवारें हैं। एक दीवार सीमेंट की और बाकी तीन लोहे की बनी हैं। ऐसे में बदमाशों को पहले से पता था कि स्ट्रांग रूम की लोहे की दीवारों को आसानी से नहीं काटा जा सकता। इसलिए उन्होंने सीमेंट की दीवार को ही आसान निशाना बनाया।

पूर्व और वर्तमान कर्मचारियों से भी होगी पूछताछ

इसलिए पुलिस का शक शोरूम के पूर्व व वर्तमान कर्मचारियों व पीड़ित के करीबियों पर गहरा गया है।

पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए शोरूम के पूर्व कर्मचारियों की जानकारी भी ली है। इसके अलावा वर्तमान कर्मचारियों से भी गहन पूछताछ की जा रही है।

कैमरे और अलार्म बंद करने के लिए तोड़ा इलेक्ट्रॉनिक पैनल

चोरों को यह भी पहले से पता था कि शोरूम के अंदर सीसीटीवी कैमरे और अलर्ट अलार्म कहां-कहां लगा है। इनको बंद करने के लिए आरोपितों ने दीवार काटने से पहले इलेक्ट्रानिक पैनल को क्षतिग्रस्त कर सीसीटीवी कैमरों के कनेक्शन काट दिए।

इससे शोरूम के अंदर बिजली आपूर्ति बंद हो गई। फिर आरोपित शोरूम के अंदर घुसे। चोरों ने शोरूम के अंदर लगे कई सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर रखा है।

दीवार तोड़ने में गैस कटर और हथौड़े का किया इस्तेमाल

चोरों ने दीवार काटने के लिए ड्रिल मशीन, गैस कटर और हथौड़े का इस्तेमाल किया। आरोपितों ने दीवार के सीमेंट को ड्रिल मशीन और सरिए को गैस कटर से काटा। फिर कुछ हिस्से को हथौड़े से तोड़ दिया। दीवार के छेद के पास एक हथौड़ा और सरिया मिला है।

भोगल का सबसे बड़ा ज्वेलरी शोरूम है उमराव ज्वेलर्स

उमराव ज्वेलर्स भोगल क्षेत्र का सबसे बड़ा ज्वेलरी शोरूम है। मालिक संजीव जैन ने बताया कि उनका शोरूम 75 साल से है। शोरूम में करीब दस कर्मचारी काम करते हैं। संजीव का कहना है कि इससे पहले कभी ऐसी वारदात नहीं हुई। उन्होंने किसी पर शक जाहिर करने से इनकार कर दिया।

दीपावली पर बिक्री की वजह से रखे थे करोड़ों के आभूषण

आगामी त्योहारों की वजह से शोरूम में करोड़ों रुपये के तैयार आभूषण और हीरे के सेट रखे थे। इन्हें विशेष तौर पर दीपावली, धनतेरस सहित अन्य त्योहारों के लिए रखा गया था। पुलिस का मानना है कि आरोपितों को स्ट्रांग रूम (लॉकर) के अंदर रखे आभूषणों की भी सटीक जानकारी थी।

सीसीटीवी फुटेज में नजर आए दो संदिग्ध

पुलिस को मामले से जुड़ी एक सीसीटीवी फुटेज मिली है। इसमें दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं, हालांकि इनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का दावा है कि वारदात में पांच से छह आरोपितों की संलिप्तता है। बताया जा रहा है कि चोरों ने स्ट्रांग रूम के अंदर घुसकर उसके 32 लाकर को गैस कटर से काट दिया। फिर लाकर से आभूषणों को चोरी किया।

शोरूम की आसपास की पांच छतों से लिये सैंपल

पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए शोरूम की बिल्डिंग के आसपास की पांच छतों से सैंपल इकट्ठा किए हैं। इन घरों में रहने वाले सभी लोगों के फिंगर प्रिंट्स भी लिए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि चोर किसी दूसरी बिल्डिंग की छत से शोरूम की छत पर पहुंचे थे। इसके अलावा शोरूम के पीछे कोई गाली भी नहीं है। यहां सारे मकान एक दूसरे से जुड़े हुए हैं।

चोरों ने 1.5 फीट की दीवार में लगाई सेंध

चोरों ने शोरूम में बेसमेंट के लिए जाने वाली सीढ़ियों से जुड़ी 1.5 फीट की दीवार में सेंध लगाई है। इस वारदात को दिल्ली की सबसे बड़ी चोरियों में एक बताया जा रहा है।

25 करोड़ की हुई चोरी

चोरों ने दक्षिणी पश्चिमी जिले के जंगपुरा स्थित भोगल इलाके में एक ज्वेलरी के शोरूम में 25 करोड़ की चोरी कर ली। बदमाश शोरूम के स्ट्रांग रूम की दीवार में बड़ा छेद कर अंदर घुसे और आभूषण, हीरे व नकदी चोरी कर ले गए। जब मंगलवार को शोरूम खोला गया तो वारदात का पता चला। इसकी सूचना मिलते ही निजामुद्दीन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

ये भी पढ़ें- Delhi Jewellery Shop Loot: कैसे लॉकर तक पहुंचे चोर, 20-25 करोड़ के गहने किए गायब; पुलिस चोरी पर क्या बोली?

शोरूम खोला तो अंदर भरी थी धूल ही धूल

मालिक शोरूम के मालिक संजीव जैन ने बताया कि उन्होंने रविवार रात को आठ बजे शोरूम बंद किया था। सोमवार को बाजार का साप्ताहिक अवकाश होता है। जब उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे शोरूम खोला तो उसके अंदर धूल ही धूल भरी थी। अंदर जाकर देखा तो सीढ़ियों की तरफ से स्ट्रांग रूम की दीवार में छेद कर रखा था। स्ट्रांग रूम से करीब 20 से 25 करोड़ रुपये के आभूषण गायब थे। पुलिस को शक है कि चोरों ने रविवार रात को वारदात को अंजाम दिया।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर