Move to Jagran APP

क्या LG साहब कोलकाता दुष्कर्म जैसी घटना का कर रहे इंतजार? संजय सिंह ने उपराज्यपाल से क्यों पूछा ऐसा सवाल

दिल्ली की राजनीति में हड़कंप मच गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर एक महिला डॉक्टर द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है। संजय सिंह का कहना है कि बीजेपी के एलजी साहब महिलाओं के यौन शोषण करने वालों का संरक्षण कर रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Pooja Tripathi Updated: Sat, 12 Oct 2024 12:44 PM (IST)
Hero Image
आप सांसद संजय सिंह ने एलजी पर लगाए गंभीर आरोप। वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के एक नए दावे से दिल्ली की राजनीति में हड़कंप मच गया है। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल पर बड़ा आरोप लगाया है।

आप सांसद संजय सिंह ने एक महिला डॉक्टर द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपी व एक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक काे एलजी वीके सक्सेना और स्वास्थ्य सचिव दीपक कुमार द्वारा बचाने का आरोप लगाया है।

संजय सिंह ने एलजी और स्वास्थ्य सचिव पर लगाया आरोप

संजय सिंह का कहना है कि बीजेपी के एलजी साहब महिलाओं के यौन शोषण करने वालों का संरक्षण कर रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि इस आरोपी एमएस को एक साल से ये दोनों बचा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक साल से महिला डॉक्टर न्याय के लिए भटक रही है। आरोपी एमएस पर तो कार्रवाई नहीं हुई उल्टे उस डाक्टर का ही अस्पताल से तबादला कर दिया गया।

संजय सिंह ने आगे कहा, इतना ही नहीं तबादला पत्र में यह भी लिख दिया गया कि यौन शोषण का आरोप लगाया था इसलिए उसका तबादला कर दिया गया।

'एलजी को इसलिए मिला ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार'

संजय सिंह ने कहा, भाजपा के एलजी के संरक्षण में एक महिला डॉक्टर का शोषण पिछले डेढ़ साल से हो रहा है। एलजी साहब शोषण करने वाले एमएस को बचा रहे हैं और पीड़ित महिला के खिलाफ जांच करा रहे हैं। 

केंद्र सरकार ने इसलिए ही एलजी साहब को ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिया है कि वह महिलाओं को प्रताड़ित करने वाले अधिकारियों का संरक्षण कर सकें।

शिकायतकर्ता डॉक्टर के खिलाफ ही शुरू हुई जांच

संजय सिंह ने आगे कहा, इस मामले में जांच के लिए 4 महीने बाद इंटरनल जांच कमिटी बनाई जाती है। जिस पीड़ित महिला ने अपने यौन शोषण की शिकायत की और सबूत दिए उसी महिला डॉक्टर के खिलाफ जांच शुरू कर दी। 

तमाम प्रताड़नाओं के बाद भी महिला झुकी नहीं और कमिटी के सामने सबूत रखे। मई महीने के दौरान जांच में यौन शोषण के आरोप सही पाए गए लेकिन भाजपा के एलजी साहब ने आरोपी एमएस के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। 

आप सांसद ने आगे पूछा, क्या बीजेपी ने अपने एलजी और स्वास्थ्य सचिव दीपक कुमार को केवल इसलिए बिठा रखा है कि वह महिला डॉक्टर का यौन शोषण करने वाले एमएस को बचाएं?

स्वास्थ्य सचिव पर भी लगाए बड़े आरोप

संजय सिंह ने पूछा, एलजी विनय सक्सेना साहब क्या कोलकाता जैसी खतरनाक घटना का इंतजार कर रहे हैं? संजय सिंह ने दावा किया कि जिस एमएस पर अभी यौन शोषण के आरोप लगे हैं, उसके ऊपर और भी यौन शोषण करने के आरोप हैं। 

आप सांसद बोले, भाजपा के उपराज्यपाल और स्वास्थ्य सचिव दीपक कुमार उसे बचा रहे हैं। पीड़ित महिला ने जब एमएस पर यौन शोषण के आरोप लगाए तब महिला का ही ट्रांसफर कर दिया गया और ऑर्डर में लिखा गया कि महिला ने आरोप लगाए हैं, इसलिए इनका ट्रांसफर किया जा रहा है। 

सिंह ने एलजी के पद से सक्सेना को हटाए जाने और स्वास्थ्य सचिव पर कार्रवाई की मांग की है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें