Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi MCD News: स्थायी समिति सदस्य का चुनाव आज, कांग्रेस के पार्षदों पर निर्भर करेगा जीत-हार का खेल

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के 18वें सदस्य के लिए आज चुनाव होगा। भाजपा ने इस पद के लिए आप से आए भाटी वार्ड से पार्षद सुंदर सिंह तंवर को प्रत्याशी बनाया है। जबकि आप ने सैनिक एन्कलेव वार्ड से पार्षद निर्मला कुमारी को प्रत्याशी बनाया है। यह पद आप के लिए जीतना बहुत जरूरी है। तब ही वह स्थायी समिति के चेयरमैन पद के लिए दावा कर पाएगी।

By Nihal Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 26 Sep 2024 07:36 AM (IST)
Hero Image
महापौर डॉ. शैली ओबेराय करेगी बैठक की अध्यक्षता। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के 18 वें सदस्य के लिए आज निगम सदन की बैठक में चुनाव होगा। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर डॉ. शैली ओबेराय करेगी। हंगामा रोकने के लिए निगम सचिव कार्यालय ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

वार्ड कमेटियों के चुनाव की तर्ज पर इस चुनाव में भी पार्षदों के नाते रिश्तेदारों और कार्यकर्ताओं को भी सिविक सेंटर में प्रवेश की मनाही होगी। सिविक सेंटर के ए ब्लाक में केवल चुनाव से संबंधित अधिकारी ही उपस्थित रहेंगे बाकि अन्य किसी को प्रवेश की इजाजत नहीं होगी। इतना ही नहीं, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के कर्मी भी तैनात रहेंगे।

कमलजीत सहरावत के इस्तीफे से हो रहा चुनाव

साथ ही चुनाव की प्रक्रिया का सजीव प्रसारण भी एमसीडी के यूट्यूब चैनल पर दोपहर दो बजे से प्रसारित होगा। दिल्ली नगर निगम का 18 वें सदस्य का चुनाव इसलिए हो रहा है क्योंकि इस पद से सांसद बनने के बाद कमलजीत सहरावत ने इस्तीफा दे दिया था।

भाजपा ने इस पद के लिए आप से आए भाटी वार्ड से पार्षद सुंदर सिंह तंवर को प्रत्याशी बनाया है। जबकि आप ने सैनिक एन्कलेव वार्ड से पार्षद निर्मला कुमारी को प्रत्याशी बनाया है। यह पद आप के लिए जीतना बहुत जरूरी है। तब ही वह स्थायी समिति के चेयरमैन पद के लिए दावा कर पाएगी।

निर्वाचित पार्षद ही करते हैं वोट

फिलहाल आंकड़ों के हिसाब से देखें तो इस चुनाव में केवल निर्वाचित पार्षद ही वोट करते हैं। ऐसी स्थिति में आप के फिलहाल एक निर्दलीय समेत 125 वोट हैं। जबकि भाजपा के पास 115 तो कांग्रेस के पास नौ वोट हैं। बाक्स कांग्रेस के पार्षदों पर भी निर्भर करेगा जीत हार का खेल सदन में कांग्रेस के पास भी नौ सदस्य हैं। ऐसे में वह पार्षद वोटिंग में हिस्सा लेंगे या नहीं अभी कांग्रेस ने इस पर निर्णय नहीं लिया है।

कांग्रेस अगर, चुनाव में हिस्सा नहीं लेती है तो इससे स्थायी समिति का खेल पलट सकता है। क्योंकि 125 वोट ही जीतने के लिए चाहिए और अगर, आप का एक भी पार्षद बागी होता है तो आप के सदस्य का निर्वाचन मुश्किल हो सकता है।

अगले माह होगा स्थायी समिति के चेयरमैन का चुनाव

एमसीडी में स्थायी समिति का गठन 18 सदस्यों से होता है। इसमें सदन से छह सदस्य पार्षद निर्वाचित करते हैं जबकि 12 सदस्य प्रत्येक वार्ड कमेटी से चुनकर आते हैं। इसमें 17 सदस्यों का निर्वाचन पूरा हो गया है जबकि 18 वें सदस्य पद के रिक्त होने पर यह चुनाव होगा।

बृहस्पतिवार को होने वाले इस चुनाव के संपन्न होने के बाद स्थायी समिति के गठन का एक और चरण बचेगा। इसमें चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन का चुनाव होना होगा। यह चुनाव अगले माह हो सकता है। निगम इसके लिए नामांकन मांगेगा। इन्ही 18 सदस्यों में से ही पार्षद चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन के लिए नामांकन कर पाएंगे।

सदन में किसके पास है कितने पार्षद

  • कुल निर्वाचित पार्षद -249
  • आप-124
  • भाजपा-115
  • कांग्रेस-9
  • निर्दलीय- 1

स्थायी समिति सदस्य जिताने के लिए चाहिए: 125 वोट

अगर, कांग्रेस मतदान में हिस्सा नहीं लेती है तो स्थायी समिति सदस्य जीतने के लिए चाहिए : 121 वोट

स्थायी समिति में किसके पास हैं फिलहाल कितने सदस्य

  • आप:8
  • भाजपा: 9
  • चेयरमैन बनाने के लिए चाहिए: 10
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें