Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, बादल छाए; अगले 2 घंटों में बारिश और आंधी आने की संभावना

मौसम विभाग का अनुमान है कि आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के साथ धूल भरी आंधी चलने बादल बनने बिजली चमकने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 42 और 33 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।

By Jagran News Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 20 Jun 2024 08:06 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, बादल छाए

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के शहरों में बृहस्पतिवार को मौसम के मिजाज में बदलाव नजर आ रहा है। दिल्ली नोएडा, गाजियाबाद, सोनीपत और रेवाड़ी में आसमान में बादल छाए हुए हैं और आंधी आने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 घंटों के दौरान उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, एनसीआर (लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, बहादुरगढ़, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला) सोनीपत, रोहतक, खरखौदा (हरियाणा) बागपत, खेकड़ा, मोदीनगर, पिलखुआ (यूपी) के कुछ स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है और हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने सुबह 7:21 बजे यह अपडेट जारी किया हैं।

55 वर्षों में सबसे गर्म रही मंगलवार की रात

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित पूरा उत्तर भारत प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़े झेल रहा है। भीषण गर्मी का आलम यह है कि दिन तो छोड़िए, रात में भी चैन नहीं है। लोग सो तक नहीं पा रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली में मंगलवार की रात 55 वर्ष के दौरान किसी भी महीने की सबसे गर्म दर्ज की गई। रात साढ़े 10 बजे धूल भरी आंधी चली और कहीं-कहीं हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक रही। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार रात का तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्ष 1969 से लेकर 2024 तक किसी भी माह में कभी भी रात के समय इतना अधिक तापमान रिकार्ड नहीं किया गया। पिछला रिकॉर्ड 34.9 डिग्री सेल्सियस का था, जो 23 मई 1972 को दर्ज किया गया था।

बुधवार को लू के थपेड़ों ने लोगों को रखा बेहाल 

बुधवार को चिलचिलाती धूप और ऑरेंज अलर्ट के बीच लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल रखा। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 47 से 31 प्रतिशत रहा। 45.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ पीतमपुरा और 35.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ पूसा बुधवार को दिल्ली के सर्वाधिक गर्म इलाके रहे।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए राहत मिलने का पूर्वानुमान जारी किया था। धूल भरी आंधी और वर्षा की संभावना जताई गई थी। इसके साथ ही येलो अलर्ट भी जारी किया था। रात में मौसम ने करवट ली और लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने यही पूर्वानुमान बृहस्पतिवार के लिए भी जारी किया है।

गर्मी से बचने को करें उपाए

  • शराब का सेवन न करें
  • अधिक मोटे कपड़ें न पहनें
  • दिन में 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच अनावश्यक घर से नहीं निकलना चाहिए
  • गर्मी से बचाव के लिए चश्मे, टोपी या कपड़ें का उपयोग करें l संस्क्रीन लगाएं या छाते का उपयोग करें
  • लगातार पानी पीते रहें, पानी की कमी न होने दें
  • लस्सी, छाछ, नींबू पानी आदि घरेलू पेय का सेवन करें।
  • ठंडे पानी से नहाएं

42 दिन बाद ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची दिल्ली की हवा

धूल कणों के चलते बुधवार को राजधानी की हवा 42 दिन बाद एक बार फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। ज्यादातर इलाकों का एक्यूआइ 300 के ऊपर यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा। अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से अच्छी वर्षा नहीं हुई है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें