Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ससुराल वालों को बताया गर्भवती हूं, फिर सूनी गोद भरने के लिए चुराई बच्ची; ऐसे खुली महिला की करतूत

दिल्ली में एक महिला ने खुद की सूनी गोद भरने के लिए दो साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपित महिला को गिरफ्तार किया। महिला ने बच्ची को कुरकुरे के पैकेट का लालच देकर अगवा किया था। महिला बच्ची को लेकर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर भागने वाली ही थी।

By shamse alam Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Mon, 07 Oct 2024 08:39 AM (IST)
Hero Image
पुलिस की गिरफ्त में आरोपित महिला। फोटो सौ.- पुलिस

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। खुद की सूनी गोद भरने के लिए एक महिला ने दो वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया। विजय विहार पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली, कई टीम गठित कर तुरंत छानबीन शुरू कर दी। 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरोपित महिला का सुराग मिला।

बच्ची को कुरकुरे के पैकेट का दिया लालच

जैसे ही महिला बच्ची को लेकर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर भागने वाली ही थी, इससे पहले पुलिस ने आरोपित महिला को दबोच लिया। इसके कब्जे से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसके मां-बाप को सौंप दिया। आरोपित ने बच्ची को कुरकुरे के पैकेट का लालच देकर अगवा किया था। वह बच्ची को लेकर अपने एक परिचित के घर आ गई थी। उसने बच्ची को अगवा करने से काफी समय पहले ही ससुराल वालों को बता दिया था कि वह प्रेग्नेंट है।

आरोपित महिला की पहचान निर्जला देवी उर्फ प्रीति के रूप में हुई है। जो कुछ समय से विजय विहार फेज-2 में रहती थी। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार को विजय विहार में रहने वाले मोहम्मद कमरुल हक विजय विहार थाना पहुंच अपनी दो साल की बच्ची के लापता होने की जानकारी दी।

सीसीटीवी कैमरे में बच्ची के साथ दिखी महिला

पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर, बच्ची को ढूढने के लिए आनन-फानन में कई टीम बनाई। पीड़ित के घर के आसपास सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में पुलिस की कई टीम जुट गई। इस दौरान एक फुटेज में महिला बच्ची को अपने साथ ले जाती दिखी।

महिला के जाने के दिशा में पुलिस ने एक के बाद एक करीब 300 कैमरे खंगाले। जिसके बाद महिला का सुराग मिल सका। जिसके बाद पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-5 के पास से महिला को पकड़ लिया। इसकी निशानदेही पर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

2017 में हुई थी महिला की शादी, नहीं था कोई संतान

पुलिस पूछताछ में महिला ने उसका मायका बिहार के पटना में है। वर्ष 2017 में उसकी शादी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई थी। सात वर्ष बाद भी कोई संतान न होने की वजह से ससुराल वाले उसे ताना मारते थे। उसे बांझ बुलाते थे। जिससे वह काफी परेशान चल रही थी। काफी इलाज भी कराया, लेकिन संतान की प्राप्ति नहीं हो सकी।

ऐसे में उसने एक बच्ची को अगवा कर खुद की बेटी बनाने की ठानी। ताकि वह ससुराल में बोल सके कि वह अब मां बन चुकी है। इस प्लातन के तहत वह सुसराल से यह कहकर दिल्ली आ गई कि वह पटना स्थित अपने मायका जा रही है। वह मायका न जाकर दिल्ली अपने एक परिचित के यहां आ गई।

छोटी बच्ची की तलाश में घूमती रहती थी महिला

यहीं रहकर वह दिनभर अलग-अलग जगहों पर छोटी बच्ची की तलाश में घूमती रहती थी। इस बीच शनिवार को एक बच्ची उसे खेलते हुए दिखी, वह बच्ची को अगवा करने में काफी हद तक कामयाब भी हो गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपित महिला का पति बुलंदशहर में ही नौकरी करता है। शुरुआती जांच में पता चला कि वह अपने पति को भी काफी पहले प्रेग्नेंट होने का दावा किया था। पुलिस फिर भी इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें