T20 World Cup Final: हमने 17 साल का इंतजार किया, तो क्यों न हम... दिल्ली पुलिस ने अनोखे अंदाज में भारतीय टीम को दी बधाई
T20 World Cup Final 2024 रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने 17 साल बाद कमाल कर दिखाया। बारबाडोस में खेले गए मैच में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से मात देकर टी20 विश्व कप 2024 का खिताब अपने नाम किया। इसी के साथ देशभर में लोग खुशी से झूम उठे। दिल्ली में भी लोगों ने पटाखे फोड़े।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup Final 2024) फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर सात रन से मैच जीत लिया। इसके बाद पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जश्न का माहौल हो गया। इसी दौरान सभी लोग भारतीय क्रिकेट टीम, कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली सहित सभी क्रिकेटरों को बधाईयां देने लगे। वहीं, दिल्ली पुलिस ने अपने अलग अंदाज में टीम इंडिया को बधाई दी।
दिल्ली पुलिस ने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट कर कहा, हम सभी ने भारत के एक और टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) जीतने के लिए 16 साल 9 महीने 5 दिन (52,70,40,000 सेकंड) तक इंतजार किया। चलिए फिर ट्रैफिक सिग्नल पर भी थोड़ा धैर्य रखें। अच्छे पलों के लिए इंतजार करना उचित होता है। क्या कहते हैं? हार्दिक बधाई टीम इंडिया!
इस पोस्ट पर लोग जमकर रिएक्ट करने लगे। इस दौरान पवन राजपूत के अकाउंट से कमेंट किया गया कि दिल की पुलिस। एक अकाउंट से कमेंट किया गया, वाह अपकी सोशल मीडिया की टीम फायर है।
इस तरह रही टीम इंडिया की पारी
शनिवार को टॉस जीतकर रोहित शर्मा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, एक समय यह फैसला गलता सा लग रहा था। भारत ने पहले पावरप्ले में रोहित, ऋषभ और सूर्यकुमार का विकेट गंवा दिया था। यहां से कोहली और अक्षर पटेल ने भारतीय पारी को संवारा और 176 के स्कोर तक पहुंचने में अहम रोल अदा किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की भी शुरुआत खराब रही थी। हेनरिक क्लासेन और क्विंटन डी कॉक ने मैच बना दिया था। हालांकि, 16वें और 17वें ओवर में मैच का टर्निंग प्वाइंट रहा। हार्दिक ने हेनरिक क्लासेन को आउट किया तो वहीं, बुमराह ने मार्को यान्सन का विकेट हासिल किया।
साउथ अफ्रीका को जीत के लिए अंतिम ओवर में 16 रन चाहिए थे और मिलर अब भी मौजूद थे। हार्दिक के ऑफ स्टंप के बाहर लो फुल टॉस गेंद को लॉन्ग ऑफ पर खेल दिया था। वहां, सूर्यकुमार यादव ने मैच जीतने वाला कैच पकड़ा।