Move to Jagran APP

Delhi Politics News: सिद्धू मूसेवाला की हत्या से आक्रोशित कांग्रेसियों ने केजरीवाल के घर के पास किया प्रदर्शन, कई नेता हिरासत में

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की नाकामी बताते हुए सोमवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के घर के पास प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मूसेवाला की हत्या के लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Updated: Mon, 30 May 2022 04:15 PM (IST)
Hero Image
कांग्रेस ने मूसेवाला की हत्या के लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। मशहूर पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या को लेकर पंजाब से दिल्ली तक आक्रोश है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की नाकामी बताते हुए सोमवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के घर के पास प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मूसेवाला की हत्या के लिए आम आदमी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी सहित प्रदर्शनकारियों ने सुश्रुत ट्रामा सेंटर से केजरीवाल के आवास की ओर मार्च किया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। इसके बाद पुलिस अनिल चौधरी समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने ले गई।

चौधरी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े हत्या के लिए 'आप' सरकार जिम्मेदार है। अरविंद केजरीवाल को इसका जवाब देना होगा कि मूसेवाला की सुरक्षा वापस क्यों ली गई, जबकि उनकी जान को खतरा था और यह बात पंजाब में खुफिया एजेंसियों को पता थी।

दूसरी ओर पंजाब में कांग्रेस नेता व गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का एक आरोपित को देहरादून से गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिल रही है। पंजाब एसटीएफ ने उत्तराखंड पुलिस के साथ संयुक्त आपरेशन के बाद शिमला बाईपास नयागांव पेलियो से आरोपित को पकड़ा है। सिद्धू मूसेवाला रविवार शाम अपने चचेरे भाई व दो साथियों के साथ अपनी थार गाड़ी से जा रहे थे। तभी एक गाड़ी उनकी गाड़ी के सामने आकर रुकी और उसमें से उतरे अज्ञात लोगों ने गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों के चलने की आवाज सुनकर गांव में दहशत का माहौल हो गया। गोलियां ऐसे चलाई गईं, जैसे शादी में पटाखे चलते हों।

मूसेवाला की मौत पर देश विदेश में बैठे पंजाबी गमगीन व हर एक आंख नम

मालवा सभ्याचारक मंच पंजाब के चेयरमैन कृष्ण कुमार बावा, पूर्व मंत्री मलकीत सिंह दाखा और समाज सेवी गुरमीत सिंह गिल ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर के गायक सिदू मूसेवाला की मौत पर दुख का इजहार करते हुए कहा कि मूसेवाला की मौत पर देश-विदेश में बैठे हर पंजाबी गमगीन व हर एक आंख नम है। उक्त नेताओं ने कहा कि देश की एकता अखंडता हेतु लड़ने वालों की सुरक्षा वापस लेना पंजाब सरकार की प्राप्ति नहीं, नालायकी है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।