Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Rain: दिल्ली में दिनभर चली बूंदाबांदी, चार डिग्री तक गिरा पारा; IMD ने बताया कैसा रहेगा इस सप्ताह मौसम

Delhi Rain Update दिल्ली में अभी बारिश का दौर जारी है और मानसून की विदाई में अभी एक सप्ताह का समय है। इसलिए बारिश अभी होती रहेगी। रविवार को भी दिनभर हल्की बारिश होती रही। कई इलाकों में बादल छाए रहे। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है। सोमवार को भी हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद तेज बारिश भी हो सकती है।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 08 Sep 2024 09:14 PM (IST)
Hero Image
दिनभर चली बूंदाबांदी से तापमान चार डिग्री गिरा, दृश्यता 900 मीटर तक रही।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच रविवार को दिनभर दिल्ली में बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। इससे तापमान में भी गिरावट आई और दृश्यता पर भी असर पड़ा। सुबह साढ़े 10 बजे दृश्यता का स्तर केवल 900 मीटर तक रह गया। हालांकि बाद में इसमें सुधार हुआ।

मौसम विभाग का अनुमान है कि वर्षा तो अगले सप्ताह भी जारी रहेगी। अलबत्ता, अगले चार दिन हल्की एवं उसके बाद फिर से तेज वर्षा हो सकती है।

रविवार को रही बादलों की आवाजाही

रविवार को सुबह से ही बादल छाए हुए थे। बादलों की यह आवाजाही बाद में भी दिनभर बनी रही। सूरज और धूप के दर्शन नहीं के बराबर ही हुए। रुक रुककर कमोबेश पूरे दिन बूंदाबांदी होती रही।

कितना दर्ज हुआ तापमान

इसीलिए अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 29.6 डिग्री जबकि न्यूनतम सामान्य स्तर पर 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 30 डिग्री से कम अधिकतम तापमान इससे पहले 29 अगस्त को 28.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। हवा में नमी का स्तर 97 से 87 प्रतिशत रहा।

कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और कहीं कहीं हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 25 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन ग्रीन अलर्ट ही रहेगा यानी अच्छी वर्षा नहीं होगी। जबकि 13 और 14 के लिए फिर से यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता

दूसरी तरफ वर्षा के असर से दिल्ली की हवा लगातार साफ चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 91 दर्ज किया गया। इस स्तर की हवा को ''संतोषजनक'' श्रेणी में रखा जाता है। हाल फिलहाल इसमें बदलाव के आसार नहीं हैं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली और उत्तर भारत में क्यों हो रही ज्यादा बारिश? जलवायु विज्ञानियों ने बताई समुद्र को लेकर वजह