Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Pollution: इस बार दीपावली के दिन 8 साल में दिल्ली की हवा सबसे अच्छी, पटाखे जलाने से फिर बढ़ सकता है प्रदूषण

दीपावली के दिन दिल्ली में आठ साल में सबसे अच्छी हवा की गुणवत्ता रही है। रविवार को दिल्लीवासियों को साफ आसमान और साफ धूप का एहसास हुआ। तीन सप्ताह में दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 218 रहा। दिल्ली में शुक्रवार को रुक-रुककर हुई बारिश के चलते यह सुधार देखने को मिला है।

By AgencyEdited By: Shyamji TiwariUpdated: Sun, 12 Nov 2023 07:32 PM (IST)
Hero Image
दीपावली के दिन आठ साल में सबसे अच्छी रही दिल्ली की हवा

पीटीआई, नई दिल्ली। रविवार को दीपावली के दिन दिल्ली में आठ साल में सबसे अच्छी हवा की गुणवत्ता रही है। रविवार को दिल्लीवासियों को साफ आसमान और साफ धूप का एहसास हुआ। तीन सप्ताह में दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम 4 बजे 218 रहा।

पटाखे जलाने से बढ़ सकता है प्रदूषण

हालांकि, अनुमान है कि राजधानी में पटाखे जलाने और रात के कम तापमान के चलते प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। वहीं, शनिवार को 24 घंटे का औसत AQI 220 था, जो आठ वर्षों में दिवाली से एक दिन पहले सबसे कम था। इस साल दीपावली से ठीक पहले दिल्ली की वायु गुणवत्ता में तेजी से सुधार हुआ।

वर्ष दीपावली पर एक्यूआई
2022 312
2021 382
2020 414
2019 337
2018 281
2017 319
2016 431

शुक्रवार की बारिश से प्रदूषण में सुधार

दिल्ली में शुक्रवार को रुक-रुककर हुई बारिश के चलते प्रदूषण में सुधार देखने को मिला है। खास बात है कि 28 अक्टूबर से शुरू होकर दो सप्ताह तक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी से गंभीर श्रेणी के बीत रही है। इस दौरान दिल्ली में धुंध छाई रही है। लोगों के सामने साफ हवा में सांस लेना मुश्किल रहा है।

दिल्ली-NCR में ग्रेप का चौथा चरण लागू

राजधानी में प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप का चौथा चरण लागू है। इस दौरान निर्माण कार्यों समेत कई चीजों पर पाबंदी है। बारिश के बाद नमी की स्थिति के कारण दीपावली के आसपास पंजाब और हरियाणा में खेत की पराली जलाने की घटना में कमी आएगी।

यह भी पढे़ं- दिल्ली में अभी नहीं लगेगा ऑड-ईवेन, बारिश से प्रदूषण में काफी सुधार; दीपावली के बाद स्थिति की होगी समीक्षा

शुक्रवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सरकार ने ऑड-ईवेन के कार्यान्वयन को स्थगित कर दिया है, क्योंकि बारिश के कारण शहर की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। गोपाल राय ने कहा कि सरकार दीपावली के बाद प्रदूषण की समीक्षा के बाद ऑड-ईवेन पर विचार करेगी।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर