Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली से फरीदाबाद का सफर होगा मुश्किल, सरिता विहार फ्लाईओवर पर 60 दिन तक चलेगा काम

Sarita Vihar Flyover की मरम्मत का काम जल्द शुरू होने वाला है। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए यातायात पुलिस से अनुमति मांगी है। एडवाइजरी जारी होने के बाद ही काम शुरू हो सकेगा। इस फ्लाईओवर पर रोजाना लाखों वाहन चलते हैं। मरम्मत के दौरान हर चरण में फ्लाईओवर के केवल आधे हिस्से को 15-15 दिनों के लिए बंद किया जाएगा।

By V K Shukla Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 08 Sep 2024 12:32 PM (IST)
Hero Image
सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत शुरू होने को लेकर तैयारी तेज।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सरिता विहार फ्लाईओवर (Sarita Vihar Flyover) की मरम्मत का काम शुरू होने में अभी कुछ समय लगेगा। इसका काम शुरू होने से पहले लोक निर्माण विभाग को फिर से एडवाइजरी जारी करनी होगी। इसके लिए विभाग ने यातायात पुलिस से अनुमति मांगी है।

अनुमति मिलने के बाद एडवाइजरी प्रकाशन के लिए विभाग दिल्ली सूचना एवं प्रचार विभाग के पास फाइल भेजेगा है। जिस पर यह विभाग एडवाइजरी जारी करेगा। यह एडवाइजरी यातायात पुलिस की एडवाइजरी से अलग होगी।

एडवाइजरी में विभाग को इस फ्लाईओवर का उपयोग करने से बचने के बारे में लोगों को जागरूक करना है। जिससे लोगों को इस फ्लाईओवर एक तरफ का यातायात बंद होने से लोगों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके।

जुलाई में भी जारी हो चुकी है एडवाइजरी

एडवाइजरी हिंदी, अंग्रेजी के अखबारों के अलावा रेडियो पर भी दी जानी है। इससे पहले जुलाई में एडवाइजरी जारी हो चुकी है, मगर कांवड़ यात्रा के चलते तब काम शुरू नहीं हो सका था।

इससे पहले बीते जून में यातायात पुलिस ने अनुमति देने के बाद भी इस फ्लाईओवर की मरम्मत का काम इसलिए रुकवा दिया था, क्योंकि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए एडवाइजरी जारी नहीं की थी।

दिल्ली-फरीदाबाद के बीच चलते हैं लाखों वाहन

सरिता विहार फ्लाईओवर पर रोजाना लाखों वाहन दिल्ली-फरीदाबाद के बीच चलते हैं। व्यस्त समय पर यहां वाहनों का दबाव काफी ज्यादा रहता है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी द्वारा सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम शुरू होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पहले मई में शुरू होना था काम

पहले यह कार्य एक मई से शुरू होना था, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते इसे टाल दिया गया था। फ्लाईओवर पर होने वाला मरम्मत कार्य गत 15 जून से शुरू किया गया था। 60 दिनों तक चलने वाले इस मरम्मत कार्य को चार चरणों में किया जाना है।

हर चरण में फ्लाईओवर के केवल आधे हिस्से को 15-15 दिनों के लिए बंद किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत कार्य चार चरणों में किया जाएगा। इसके चलते एक समय पर पूरा फ्लाईओवर बंद नहीं होगा।

बता दें कि इस फ्लाईओवर की मरम्मत कार्य को अप्रैल 2022 में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया ने मंजूरी दी थी। यह योजना बीते दो वर्ष से ज्यादा समय से लंबित थी।

कई बार स्थगित किया गया काम 

मरम्मत का काम इससे पहले बीते वर्ष जून और जुलाई में निर्धारित किया गया था और तब से इसे कई बार स्थगित कर दिया गया है। इस फ्लाईओवर का निर्माण दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने 2001 में कराया था।

अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य में फ्लाईओवर के एक्सपेंशन ज्वाइंट को बदला जाएगा।प्रत्येक कैरिजवे को लगभग 30 दिनों के लिए बंद करना होगा। इन्हें बदलने के बाद कंक्रीट का काम होगा।