Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भीषण गर्मी से झुलसे दिल्लीवाले: नजफगढ़ में 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, तीन दिन तक सूरज की तपिश से राहत नहीं

दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी रही। इस वजह से दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। नजफगढ़ सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 43 के पार पहुंच गया है। अगले तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है।

By Ranbijay Kumar SinghEdited By: GeetarjunUpdated: Sun, 21 May 2023 07:18 AM (IST)
Hero Image
नजफगढ़ में 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, तीन दिन तक सूरज की तपिश से राहत नहीं

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी रही। इस वजह से दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। नजफगढ़ सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 43 के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है। तापमान थोड़ा बढ़ने की संभावना है। इसलिए गर्मी बढ़ सकती है।

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

मंगलवार रात से बारिश की संभावना

सोमवार व मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, लेकिन मंगलवार रात को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद तीन दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है। इस वजह से तापमान में गिरावट हो सकती है।

कितना रहा तापमान?

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो तीन डिग्री सेल्सियस कम है। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसके अलावा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, पूसा, रिज एरिया, नरेला, पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस लिहाज से पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

राजस्थान की तरफ से आने वाली धूल से दिल्ली में बढ़ेगा प्रदूषण

एनसीआर में शनिवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई। फिर भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी रही। लेकिन धूल भरी हवा चलने के कारण रविवार को हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच सकती है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 22 से 24 मई के बीच राजस्थान की तरफ से भी तेज हवा के साथ दिल्ली में धूल पहुंचने की आशंका है। इस वजह से भी एनसीआर में प्रदूषण थोड़ा बढ़ सकता है। इस दौरान हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रह सकती है।

सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का एयर इंडेक्स 186, फरीदाबाद का 120, गाजियाबाद का 178, ग्रेटर नोएडा 187, गुरुग्राम का 198 व नोएडा का एयर इंडेक्स 172 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 152 था।

अधिक गर्म स्थानों पर तापमान (डिग्री सेल्सियस)

इलाके              अधिकतम            न्यूनतम

नजफगढ़              43.4                25.6

स्पोर्ट्स कांप्लेक्स    42.8                28.0

पूसा                     42.7                24.5

पीतमपुरा              42.6                28.1

नरेला                   42.3                23.1

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें