Move to Jagran APP

दिल्ली-सहारनपुर रोड पर अब नहीं लगेगा जाम, एक घंटे का रास्ता तय करें सिर्फ 10 मिनट में

अगले महीने से दिल्ली सहारनपुर रोड के जरिये करीब एक घंटे में दिल्ली पहुंचने वाले वाहन चालक सिर्फ दस मिनट में दिल्ली पहुंच सकेंगे।

By Edited By: Updated: Thu, 02 May 2019 08:25 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली-सहारनपुर रोड पर अब नहीं लगेगा जाम, एक घंटे का रास्ता तय करें सिर्फ 10 मिनट में
गाजियाबाद[हरदीप श्रीवास्तव]। दिल्ली जाने वाले लोगों को अब दिल्ली-सहारनपुर रोड के जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। दिल्ली के सोनिया विहार बॉर्डर से लोनी तक चार लेन पुश्ता रोड चौड़ीकरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अगले महीने से दिल्ली सहारनपुर रोड के जरिये करीब एक घंटे में दिल्ली पहुंचने वाले वाहन चालक सिर्फ दस मिनट में दिल्ली पहुंच सकेंगे।

दिल्ली के खजूरी खास से सोनिया विहार तक चार लेन रोड बनी हुई है। लोनी शुरु होते ही रोड महज दो लेन की थी। गड्ढे में तब्दील हुई सड़क पर आए दिन हादसे होते थे। जिसके चलते पिछले पांच साल से पुश्ता रोड के चौड़ीकरण की मांग चली आ रही थी। जनवरी 2018 में प्रदेश सरकार ने खजूरी पुश्ता रोड का चौड़ीकरण कराये जाने की अनुमति दी थी। जिसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा चालीस करोड़ रुपये का टेंडर छोड़ा गया था।

मार्च 2018 में पुश्ता रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हुआ था। अधिकारियों ने खजूरी पुश्ता रोड के दोनों और मिट्टी का भराव कर मार्ग को चौड़ा किया। इसके बाद एक ओर के मार्ग को वाहनों के लिए चालू रखकर निर्माण कार्य कराया गया। इसे पुश्ता ¨लक रोड का नाम दिया गया। रोड का चौड़ीकरण होने से दिल्ली जाने वाले लोगों को लोनी तिराहे के जाम और दिल्ली गोल चक्कर के जाम से निजात मिल जाएगी।

दिल्ली सहारनपुर रोड पर भी जाम से मिलेगी निजात
इस रोड के शुरू होने के बाद सबसे बड़ा लाभ दिल्ली-सहारनपुर रोड से गुजरने वाले वाहनों को होगा। बड़ौत, बागपत और सहारनपुर की ओर जाने वाले वाहन सीधे पुश्ता ¨लक रोड से निकलेंगे। रोड बनने से दिल्ली सहारनपुर रोड पर वाहनों का दबाव करीब तीस-चालीस फीसद कम होने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों को इस रोड पर भी जाम से निजात मिल जाएगी।

मंडोला योजना और ट्रॉनिका सिटी के लोगों को मिलेगा लाभ
रोड का सबसे बड़ा लाभ ट्रॉनिका सिटी और मंडोला विहार में रहने वाले हजारों लोगों को होगा। इन लोगों के दिल्ली पहुंचने के लिए दिल्ली सहारनपुर, लोनी तिराहा होते हुए एक ही रास्ता था। लेकिन अब ये लोग बिना लोनी तिराहे के जाम से जूझे ही दिल्ली पहुंच सकेंगे।

पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता राजीव अग्रवाल का कहना है कि खजूरी पुश्ता रोड के चौड़ीकरण का कार्य लगभग संपूर्ण हो चुका है। 600 मीटर की सड़क का कार्य शेष बचा है। माह के मध्य तक रोड निर्माण कार्य समाप्त कर दिया जाएगा।


 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।