Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lok Sabha Elections: कन्हैया कुमार-अलका लांबा... दिल्ली में इन चेहरों पर दांव लगा सकती है कांग्रेस

तीन फरवरी को पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली कर प्रदेश कांग्रेस ने लोक सभा चुनाव के लिए शंखनाद कर दिया है। दिल्ली में गठबंधन पर असमंजस की स्थिति में सभी लोक सभा क्षेत्रों की बैठक करने के बाद अब कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन पर भी काम करना शुरू कर दिया है। इनमें कन्हैया कुमार समेत कई संभावित प्रत्याशियों के नाम...

By sanjeev Gupta Edited By: Shyamji Tiwari Updated: Tue, 13 Feb 2024 03:13 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में इन चेहरों पर दांव लगा सकती है कांग्रेस

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के साथ लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन की अस्पष्ट तस्वीर के बीच प्रदेश कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। दिलचस्प यह कि भाजपा जहां सभी सातों सीटों पर नए उम्मीदवार तलाश रही है तो वहीं कांग्रेस ज्यादातर सीटों पर इस बार भी पुराने चेहरों पर ही दाव लगाने की सोच रही है।

गठबंधन की तस्वीर साफ होने का इंतजार

इंतजार अब केवल गठबंधन की तस्वीर साफ होने का है। तीन फरवरी को पूर्वी दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली कर प्रदेश कांग्रेस ने लोक सभा चुनाव के लिए शंखनाद कर दिया है। चार समितियां भी घोषित कर दी हैं। इसी क्रम में सभी लोक सभा क्षेत्रों की बैठक करने के बाद अब उसने प्रत्याशी चयन पर भी काम करना शुरू कर दिया है। 

नई दिल्ली से इन नाम पर चर्चा

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा गठित और राज्यसभा सदस्य रजनी पाटिल के नेतृत्व वाली स्क्रीनिंग कमेटी को प्रदेश इकाई ने सभी सीटों के संभावित उम्मीदवारों के नाम दे दिए हैं। हर सीट पर तीन से पांच नाम दिए गए हैं। नई दिल्ली सीट पर पहला नाम अजय माकन का है, लेकिन वे शायद लोकसभा चुनाव लड़ना नहीं चाह रहे।

ऐसे में पार्टी अलका लाम्बा एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक दत्त के नाम पर भी विचार कर रही है। चांदनी चौक सीट से पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल या उनके बेटे पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल पहली प्राथमिकता है। इसके बाद पूर्व मंत्री हारून यूसुफ, मंगतराम सिंघल, चार दशक से अधिक का सियासी अनुभव रखने वाले पूर्व विधायक हरिशंकर गुप्ता कतार में हैं।

पूर्वी दिल्ली से ये नाम आगे

पूर्वी दिल्ली सीट से पहला नाम पूर्व सांसद संदीप दीक्षित का है तो उनके बाद पूर्व विधायक नसीब सिंह और अनिल चौधरी का नाम दिया गया है। दक्षिणी दिल्ली सीट से पूर्व सांसद रमेश कुमार या सज्जन कुमार के बेटे जगप्रवेश कुमार का नाम है। इसके बाद पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चतर सिंह पंक्ति में हैं। गुर्जरों के काफी वोटों वाली इस सीट पर उनकी दावेदारी भी मजबूत है।

इस सीट पर एक अन्य नाम एआईसीसी सचिव रोहित चौधरी का भी सुनने में आया है। उत्तर पश्चिमी दिल्ली से पार्टी पूर्व सांसद उदित राज या पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान पर दाव लगा सकती है। इनके पीछे पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, पूर्व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया और पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार का नाम भी है।

कन्हैया कुमार पर भी दांव लगा सकती है कांग्रेस

पूर्वाचली मतदाताओं की बहुलता वाली पश्चिमी दिल्ली सीट से पार्टी कन्हैया कुमार को मौका देने की सोच रही है। वैसे इस सीट पर पूर्व विधायक मुकेश शर्मा और पूर्व प्रदेश महिला अध्यक्ष अमृता धवन भी दावेदारी में हैं। उत्तर पूर्वी दिल्ली से पूर्व विधायक चौधरी मतीन अहमद, भीष्म शर्मा और हसन अहमद के नाम साझा किए गए हैं।

कांग्रेस अपने स्तर पर पूरी तैयारी करके चल रही है। यह तैयारी भी हर स्तर पर है। अलबत्ता, कुछ भी फाइनल गठबंधन की तस्वीर साफ होने के बाद ही हो पाएगा। -अरविंदर सिंह लवली, अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस 

यह भी पढे़ं-

Lok Sabha Elections 2024: '...बस एक सीट देंगे', दिल्ली में AAP ने कांग्रेस के सामने क्यों रखी ये शर्त

Lok Sabha Election 2024: 'कई राज्य में सीट देने को तैयार नहीं कांग्रेस', JDU नेता ने I.N.D.I.A पर कही बड़ी बात