Move to Jagran APP

Delhi Weather: अक्टूबर में भी सता रही गर्मी, सात साल का टूटा रिकॉर्ड; अभी ऐसा ही रहेगा मौसम

Delhi Weather Forecast News दिल्ली में अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में शनिवार का दिन सात सालों में सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को भी साफ आसमान और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 20 Oct 2024 07:16 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली में 19 अक्टूबर को एम्स अस्पताल का सुबह का दृश्य।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में शनिवार का दिन सात वर्षों में अब तक सबसे अधिक गर्माहट भरा रहा। सुबह में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आकाश साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

2017 के बाद सबसे ज्यादा गर्म रहा शनिवार

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में वर्ष 2017 के बाद सबसे अधिक है। वर्ष 2017 में 16 अक्टूबर व 23 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था।

पिछले साल नहीं पहुंचा था इतना तापमान

पिछले वर्ष 15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन दूसरे पखवाड़े में इतना तापमान नहीं पहुंचा था। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

दिल्ली में आज बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है हवा की गुणवत्ता

राजधानी में शनिवार को एयर इंडेक्स में आंशिक कमी होने के बावजूद औसत एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में बरकरार रहा। लेकिन दिल्ली के 36 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 11 जगहों पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब व आनंद विहार में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रही।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में रविवार को प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है। इस वजह से एयर इंडेक्स 300 के पार बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकता है। मंगलवार तक पूरी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।

सीपीसीबी के अनुसार हवा की गति कम होने से वेंटिलेशन इंडेक्स छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड से कम है। इस वजह से मौजूदा मौसमी परिस्थितियां वातावरण में प्रदूषक बढ़ने के अनुकूल बनी हुई हैं।

अभी बढ़ सकता है प्रदूषण

इस बीच कूड़ा व पराली जलाने के कारण एयर इंडेक्स ज्यादा बढ़ सकता है। सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 278 रहा जो खराब श्रेणी में है। आनंद विहार में सबसे अधिक 450 रहा एयर इंडेक्स। इसके अलावा मुंडका, बवाना, वजीरपुर, जहांगीरपुरी, द्वारका सेक्टर आठ, नरेला, रोहिणी इत्यादि इलाकों में एयर इंडेक्स 300 से अधिक रहा।

ये भी पढ़ें- Religious Places in Delhi: सरकारी जमीन से हटेंगे सभी अवैध धार्मिक स्थल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का दिया हवाला

एनसीआर का एयर इंडेक्स

  • दिल्ली- 278
  • गाजियाबाद- 253
  • नोएडा- 229
  • फरीदाबाद- 192
  • ग्रेटर नोएडा- 154
  • गुरुग्राम- 176

दिल्ली में इन जगहों पर अधिक रहा एयर इंडेक्स

  • आनंद विहार- 450
  • मुंडका- 372
  • बवाना- 367
  • वजीरपुर- 361
  • जहांगीरपुरी- 349
  • द्वारका सेक्टर आठ- 336
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।