Move to Jagran APP

Delhi Weather: दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार, आज साफ रहेगा मौसम; दीवाली बाद होगी गुलाबी ठंड

Delhi Pollution दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है लेकिन कुछ इलाकों में अभी भी स्थिति खराब है। आज मौसम साफ रहेगा और तापमान में मामूली गिरावट आएगी। नवंबर के पहले सप्ताह में गुलाबी ठंड का एहसास होगा। अक्टूबर के मध्य से पहले दो बार उंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी लेकिन ऐसी स्थिति का दोबारा होना बाकी है।

By Jagran News Edited By: Geetarjun Updated: Sat, 26 Oct 2024 07:38 AM (IST)
Hero Image
कर्तव्य पथ पर सुबह के समय छाई धुंध।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह को हवा की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार हुआ है। हालांकि कुछ इलाकों में स्थिति अभी भी खराब बनी हुई है। दिल्ली में सुबह अक्षरधाम, इंडिया गेट पर एक्यूआई 200 से ऊपर यानी गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम भी साफ रहेगा। 

दो दिन से दिल्ली में तेज हवा भले चल रही हो, लेकिन फिलहाल इसका तापमान पर कोई असर देखने को नहीं मिला है। हालांकि अगले दो तीन तापमान में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन इसके बाद फिर वृद्धि हो जाएगी। नवंबर के पहले सप्ताह में ही गुलाबी ठंड का एहसास होगा।

आज कितना रहेगा तापमान

पूर्वानुमान के अनुसार, आज को आसमान साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 33 तक रह सकता है। 29 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 33 से 34 और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 30 से 31 अक्टूबर को सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है। आसमान साफ ही रहेगा।

फिलहाल मजबूत और शुष्क हवाएं चल रहीं

स्काईमेट के अनुसार, अक्टूबर के मध्य से पहले दो बार उंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी, लेकिन ऐसी स्थिति का दोबारा होना बाकी है। इस समय मजबूत और शुष्क हवाएं चल रही हैं, लेकिन हवा में ठंडक और सर्दी का अहसास नहीं हो रहा है। 28 व 29 अक्टूबर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। लेकिन यह मैदानी इलाकों में कोई बड़ा प्रभाव डालने के लिए बहुत हल्का हो सकता है।

तापमान में बदलाव न होने के कारण

उन्होंने बताया कि तापमान में बदलाव न होने का एक कारण यह भी है कि पूर्वोत्तर मानसून की गतिविधियां देश के पूर्वी और मध्य भागों तक फैली हुई हैं। इस समय तटीय क्षेत्रों के दोनों ओर मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। यह हवाओं के पैटर्न को नियंत्रित कर रही हैं। डाना का प्रकोप भले दिल्ली से काफी दूर हैं लेकिन ये उत्तर और पश्चिमी मैदानी इलाकों में तापमान को प्रभावित कर रहा है।

अभी सर्दी के लिए करना होगा इंतजार

स्काईमेट के अनुसार सर्दियों की ठंड का अहसास होने के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में आमतौर पर दिसंबर के दूसरे पखवाडे़ में बर्फबारी होती है। कभी कभार यह ज्यादा देर से भी होती हैं। दिल्ली और मैदानी इलाकों में सुबह व रात की ठंडक का अहसास नवंबर के शुरूआत में शुरू होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में सात लोगों ने फर्जी ED अधिकारी बनकर की छापेमारी, पांच करोड़ के लिए रात भर रुके; सुबह ऐसे खुल गया भेद

शुक्रवार को कितना रहा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिन भर धूप खिली रही। 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चली। अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। हवा में नमी का स्तर 37 से 91 प्रतिशत तक रहा। पालम में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री रहा। रिज में न्यूनतम तापमान सबसे कम 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।