Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: दिल्ली सहित उत्तर भारत के राज्यों में अच्छी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Delhi Rain दिल्ली में वर्षा के यलो अलर्ट में उमस भरी गर्मी ने पसीना छुड़ाया है। जुलाई के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2012 के बाद पहली बार 39 डिग्री पार पारा पहुंचा। वहीं मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन बारिश के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Wed, 31 Jul 2024 05:32 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली सहित उत्तर भारत के राज्यों में अच्छी बारिश के आसार।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मंगलवार को एक बार फिर मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने धोखा दे दिया। हल्की से मध्यम वर्षा के यलो अलर्ट में दिनभर तेज धूप निकली रही। उमस से हाल बेहाल रहा तो जुलाई माह के आखिरी हफ्ते में अधिकतम तापमान नया रिकॉर्ड बनाते हुए 39 डिग्री पार चला गया।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से अगले तीन दिनों तक दिल्ली में अच्छी वर्षा हो सकती है। बुधवार को कहीं कहीं भारी वर्षा भी होने की संभावना है। इसी कारण बुधवार के लिए आरेंज जबकि उसके बाद अगले दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा एवं कहीं कहीं भारी वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 व 28 डिग्री रह सकता है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस वर्षा से तापमान में भी गिरावट आएगी और यह क्रमश: 33 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ जाएगा।

तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड

मंगलवार को सुबह से ही धूप निकल गई थी, दिन चढ़ने के साथ- साथ यह और तीखी होती गई। इससे उमस भी बढ़ी और तापमान में भी इजाफा देखने को मिला। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 39.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

जुलाई माह के अंतिम हफ्ते में इतना अधिक तापमान 2012 के बाद 12 साल में पहली बार दर्ज किया गया है। 2012 में 25 जुलाई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज हुआ था।

मंगलवार को कितना रहा तापमान

मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 85 से 53 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक तो कहीं देखने को नहीं मिली, लेकिन उसके बाद विभिन्न इलाकों में हल्की वर्षा या बूंदाबांदी दर्ज की गई।

उत्तर भारत के राज्यों में अच्छी बारिश के आसार

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान व जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया, मानसून की अक्षीय रेखा, जो पिछले कुछ दिनों से मध्य भारत में सक्रिय थी, अब गंगा के मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही है। इससे कई दिनों तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें- Delhi Rain Updates: दिल्ली में हुई झमाझम बारिश, लोगों को उमस और भीषण गर्मी से मिली राहत

दिल्ली का एक्यूआई ''संतोषजनक'' श्रेणी में

मौसम की अनुकंपा से दिल्ली की हवा हाल फिलहाल साफ ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआइ 97 रहा। इस स्तर की हवा को ''संतोषजनक'' श्रेणी में रखा जाता है। दो तीन वायु गुणवत्ता का यही स्तर बने रहने की संभावना है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर