Move to Jagran APP

Delhi Weather: कब बदलेगा मौसम और उमस से मिलेगी राहत? झमाझम बारिश को लेकर मौसम विभाग ने दिया अपडेट

Delhi Rain Update दिल्ली में उमस भरी गर्मी से अभी राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को कहीं भी बारिश नहीं हुई। आज गरज और आंधी का संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इसका अपडेट दिया है। वहीं सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से उमस पड़ रही है और तापमान भी ऊपर रह रहा है।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Geetarjun Updated: Sun, 21 Jul 2024 07:10 AM (IST)
Hero Image
दिल्ली में सोमवार से होगी झमाझम बारिश।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस वजह से उमस भरी गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग ने हल्की वर्षा होने का का पूर्वानुमान जारी किया था, लेकिन दिल्ली में कहीं हल्की वर्षा नहीं हुई। इस वजह से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। रविवार को भी उमस भरी गर्मी रह सकती है लेकिन इसके बाद मौसम बदलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। गरज व आंधी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

तापमान में गिरावट की संभावना

सोमवार से बुधवार तक दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इस वजह से मौसम विभाग ने सोमवार से लेकर बुधवार तक तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान वर्षा होने पर तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। तब उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।

कितना रहा शनिवार को तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य है।

दिल्ली में इस माह अब तक सामान्य से 37 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इस माह अब तक 79.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है जो सामान्य (126.9 मिलीमीटर) से 47.1 मिलीमीटर कम है।

मध्यम श्रेणी में हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में शनिवार को हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार को भी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रहेगी। इसके बाद तीन दिन हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रह सकती है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर सुधरे हालात, माइक्रोसॉफ्ट सर्वर करने लगा काम; रद्द और विलंबित फ्लाइट्स में आई कमी

सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली का एयर इंडेक्स 109, फरीदाबाद का 125, गाजियाबाद का 143, ग्रेटर नोएडा का 128, गुरुग्राम का एयर इंडेक्स 92 व नोएडा का एयर इंडेक्स 86 रहा।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।