Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: मानसून की विदाई में हो रही बारिश, IMD पूर्वानुमान में खा रहा गच्चा; जानिए आज कैसा रहेगा मौसम

Delhi Rain Update दिल्ली में मानसून की विदाई के दिनों में भी बारिश जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के उलट हल्की बारिश हो रही है। बुधवार को भी दिन भर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 29.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Updated: Thu, 19 Sep 2024 06:00 AM (IST)
Hero Image
मानसून की विदाई में हो रही बारिश।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मानसून की विदाई के दिनों में भी इस बार मानसून की सक्रियता देखते ही बन रही है। आलम यह है कि मौसम विभाग अभी भी इसके पूर्वानुमान में गच्चा खा जा रहा है। पूर्वानुमान होता है शुष्क मौसम का लेकिन वर्षा हो जाती है। कभी भविष्यवाणी होती है तेज वर्षा की जबकि सूखा पड़ा रहता है।

मौसम विभाग ने तो कई दिन पहले ही वर्षा लगभग खत्म होने की घोषणा कर दी थी, लेकिन बुधवार को फिर से मौसम विभाग को अपने पूर्ववर्ती पूर्वानुमान में किरकिरी का सामना करना पड़ा।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी गर्जन भरे बादल बनने और हल्की वर्षा का अनुमान जताया है। इस दौरान 25 से 35 किमी प्रतिघंटे की गति से तेज सतही हवाएं भी चलेंगी। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

कल बारिश और हवा का दौर रहा जारी

ऐसे ही मौसमी उतार चढ़ाव के बीच बुधवार को दिल्ली में दिन भर तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा का दौर जारी रहा। इससे मौसम भी खुशनुमा बना रहा। उमस भरी गर्मी से तो दिल्ली वासियों को राहत मिली ही, ठंडक का एहसास भी हो आया।

कितना दर्ज किया गया तापमान

इसी का असर रहा कि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 29.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 69 प्रतिशत दर्ज किया गया। वर्षा सुबह साढ़े आठ से रात साढ़े आठ बजे तक वर्षा 7.4 मिमी रिकॉर्ड की गई।

सुबह साढ़े आठ से रात साढ़े आठ बजे तक कहां कितनी हुई वर्षा

सफदरजंग- 7.4 मिमी

पालम- 10.8 मिमी

लोधी रोड-  5.5 मिमी

रिज क्षेत्र- 3.4 मिमी

दिल्ली विवि- 6.5 मिमी

मयूर विहार- 8.5 मिमी

आया नगर- 6.1 मिमी

पीतमपुरा- 4.5 मिमी

नरेला- 0.5 मिमी

''मध्यम'' श्रेणी में रही आबोहवा

राजधानी में आबोहवा लगातार तीसरे दिन भी ''मध्यम'' श्रेणी में बनी रही। इससे दिल्ली का एक्यूआई 115 दर्ज किया गया। हवा पूर्व से उत्तर पूर्व की दिशा से चली। वहीं, कुछ जगहों पर धूल भरी हवा भी चली। इससे अधिकतर इलाकों में एक्यूआई 200 के पार रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार बृहस्पतिवार को हवा ''संतोषजनक'' श्रेणी में पहुंचेगी। इस दौरान हवा उत्तर-पूर्व से पूर्व की दिशा से चलेगी।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर