Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: दिल्ली में पूरे दिन छाए रहे बादल, कई इलाकों में हुई हल्की बारिश; जानें आनेवाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। सफदरजंग पालम लोधी रोड सहित कई इलाकों में वर्षा हुई। जाफरपुर में सबसे अधिक 0.7 मिलीमीटर व लोधी रोड में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 06 Jul 2024 08:59 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में पूरे दिन छाए रहे बादल, कई इलाकों में हुई हल्की बारिश।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे। कई जगहों पर हल्की वर्षा हुई। इस वजह से मौसम सुहाना बना रहा। साथ ही हवा की गुणवत्ता भी लगातार तीसरे दिन संतोषजनक श्रेणी में रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी आकाश में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।

अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में तेज वर्षा होने की संभावना नहीं है। इस वजह से रविवार के बाद अधिकतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। इस वजह से उमस भरी गर्मी बढ़ सकती है।

दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। सफदरजंग, पालम, लोधी रोड सहित कई इलाकों में वर्षा हुई।

जाफरपुर में सबसे अधिक 0.7 मिलीमीटर व लोधी रोड में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। अधिकतम आद्रता 92 प्रतिशत व न्यूनतम आद्रता 69 प्रतिशत रहा। एक दिन पहले दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस था।

दिल्ली की हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में

दूसरी ओर दिल्ली के एयर इंडेक्स में आंशिक सुधार हुआ। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 65 रहा। इस वजह से हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स संतोषजनक श्रेणी में ही 77 था।

फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 100, ग्रेटर नोएडा का 100, गुरुग्राम का 94 व नोएडा का एयर इंडेक्स 56 रहा। इस वजह से एनसीआर के इन शहरों में भी हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रही। गाजियाबाद का एयर इंडेक्स 40 रहा, जो अच्छे श्रेणी में है। इस वजह से एनसीआर में गाजियाबाद में हवा सबसे स्वच्छ रही। सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली में अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में बनी रहेगी।

ये भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूलों को हाईकोर्ट की फटकार, शिक्षकों को दें बकाया एरियर नहीं तो विद्यालयों को टेकओवर करने का देंगे आदेश

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर