Move to Jagran APP

Delhi Weather: दिल्ली में आज सावन का स्वागत कर सकती हैं फुहारें, अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इस वजह से तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। इससे अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे के बीच दिल्ली में सात मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Sonu Suman Updated: Mon, 22 Jul 2024 07:50 AM (IST)
Hero Image
राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में रविवार को पूरे दिन आकाश में बादल छाए रहे। सुबह में कई इलाकों में हल्की वर्षा भी हुई। इस वजह से पिछले दिन के मुकाबले तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इससे पिछले दिन के मुकाबले उमस से थोड़ी राहत रही। फिर भी तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

इस वजह से दिन में हल्की उमस भरी गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सोमवार को सावन की रिमझिम फुहार बरस सकती है।

सोमवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आकाश में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इस वजह से तापमान ढाई डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। इससे अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे के बीच दिल्ली में सात मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान लोधी रोड में सबसे अधिक 10.2 मिलीमीटर, आया नगर में सात मिलीमीटर वर्षा हुई। सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे के बीच रिज एरिया में 1.2 मिलीमीटर, दिल्ली विश्वविद्यालय में चार मिलीमीटर, पीतमपुरा में 1.5 मिलीमीटर जाफरपुर में 0.5 मिलीमीटर व पालम इलाकों में भी हल्की वर्षा हुई।

जुलाई में कम हुई बारिश

जुलाई में अब तक 86.8 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है जो सामान्य (134.4 मिलीमीटर) से 47.6 मिलीमीटर कम है। इस तरह सामान्य से अब तक 35 प्रतिशत वर्षा कम हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। इसके एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था।

मध्यम श्रेणी में बरकरार रही हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में रविवार को एयर इंडेक्स में आंशिक सुधार हुआ। फिर भी हवा हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार वर्षा होने से एयर इंडेक्स में सुधार होगा। इस वजह से तीन दिन हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में रह सकती है।

सीपीसीबी के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 103 रहा जो मध्यम श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 109 था। फरीदाबाद का 156, गाजियाबाद का 105, ग्रेटर नोएडा का 160, गुरुग्राम का एयर इंडेक्स 130 रहा। इस वजह से एनसीआर के इन शहरों में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। एनसीआर में सबसे साफ हवा नोएडा में रही। इस वजह से नोएडा एयर इंडेक्स संतोषजनक श्रेणी में 78 रहा।

यह भी पढ़ें- Delhi Weather Update: दिल्ली में सोमवार से बुधवार तक तीन दिन होगी बारिश! मौसम विभाग ने जारी किया ताजा अपडेट

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।