Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: फिर गलत निकला मौसम विभाग का पूर्वानुमान, येलो अलर्ट के बावजूद नहीं हुई बारिश; जानें IMD का नया अपडेट

मौसम विभाग का पूर्वानुमान इन दिनों गलत निकल रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार शाम बृहस्पतिवार के लिए कहा था कि दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होगी। इसीलिए यलो अलर्ट जारी किया था। लोगों ने अपने कार्यक्रम भी इसी अनुरूप तय कर लिए। लेकिन पूर्वानुमान सही नहीं निकला। अब शुक्रवार और शनिवार के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Updated: Thu, 25 Jul 2024 10:57 PM (IST)
Hero Image
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मानसून के इस सीजन में मौसम विभाग के पूर्वानुमान अक्सर गलत निकल रहे हैं। रात को कुछ भविष्यवाणी की जाती है जबकि अगले दिन कुछ और ही स्थिति देखने को मिल जाती है। बृहस्पतिवार को भी ऐसा ही हुआ, जिससे दिल्ली वालों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने बुधवार शाम बृहस्पतिवार के लिए कहा था कि दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होगी। इसीलिए यलो अलर्ट जारी किया था। लोगों ने अपने कार्यक्रम भी इसी अनुरूप तय कर लिए। लेकिन पूर्वानुमान सही नहीं निकला।

गुरुवार को दिनभर तेज धूप निकली रही

पूर्वानुमान से इतर बृहस्पतिवार को दिनभर तेज धूप निकली रही। हालांकि सुबह साढ़े आठ से पूर्वाहन साढ़े 11 बजे तक सफदरजंग में 1.4 मिमी, लोधी रोड पर 1.2 मिमी, आयानगर में 0.2 मिमी, पूसा में 0.5 मिमी, पीतमपुरा में 0.5 मिमी, मयूर विहार मेें 2.4 मिमी वर्षा और पालम व रिज क्षेत्र में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

शुक्रवार और शनिवार को अच्छी बारिश के आसार

लेकिन इससे उमस में और वृद्धि हो गई। इससे लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ा। अब मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को अच्छी वर्षा हो सकती है। यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।

बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 67 प्रतिशत तक रहा।

कई इलाकों में मध्यम स्तर की बारिश के आसार

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहेंगे। अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री जबकि न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रह सकता है।

वहीं, मौसम की मेहरबानी से बृहस्पतिवार को भी दिल्ली की हवा लगातार साफ बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआइ 109 रहा। इस स्तर की हवा को 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के दौरान भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- Rain Updates: झमाझम बरसे बादल, पानी में डूबी नोएडा-गुरुग्राम की सड़कें; तस्वीरों में देखें दोनों शहरों का हाल