Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: दैनिक ही नहीं, वीकली पूर्वानुमान में भी फेल हो रहा मौसम विभाग, बारिश की उम्मीद संजोए रह गए दिल्लीवासी

मंगलवार के लिए पहले ग्रीन अलर्ट जारी किया गया था जिसे बाद में यलो में बदल दिया गया। इस दिन कई इलाकों में तेज वर्षा देखने को मिली। बुधवार को हल्की वर्षा हुई जबकि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को वर्षा ही नहीं हुई। इसी तरह शनिवार को भी हल्की वर्षा का ही पूर्वानुमान था लेकिन कई इलाकों में तेज वर्षा रिकार्ड हो गई।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Updated: Sat, 13 Jul 2024 10:58 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली में मौसम पूर्वानुमान में फेल रहा मौसम विभाग।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मानसून के इस सीजन में मौसम विभाग दैनिक ही नहीं, साप्ताहिक पूर्वानुमान की सटीकता में भी फेल हो रहा है। आलम यह है कि इस सप्ताह ज्यादातर दिन पूर्वानुमान गलत ही साबित हुआ है। यह स्थिति भी तब है कि जब कई बार तो मौसम विभाग ने कलर कोडेड अलर्ट में भी बदलाव किया।

पिछले रविवार को विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया था कि इस पूरे सप्ताह मानसून ब्रेक पर रहेगा। हल्की वर्षा ही होगी, तेज नहीं। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। रविवार को वर्षा ही नहीं हुई। सोमवार को भी दिल्लीवासी वर्षा की उम्मीद संजोए रह गए।

मंगलवार के लिए पहले ग्रीन अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में यलो में बदल दिया गया। इस दिन कई इलाकों में तेज वर्षा देखने को मिली। बुधवार को हल्की वर्षा हुई जबकि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को वर्षा ही नहीं हुई। इसी तरह शनिवार को भी हल्की वर्षा का ही पूर्वानुमान था, लेकिन कई इलाकों में तेज वर्षा रिकार्ड हो गई।

शनिवार को सुबह-शाम की वर्षा से मौसम हुआ सुहाना

शनिवार को सुबह और शाम के समय दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा हुई। तेज हवा भी चलती रही। इससे दिन भर मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को कुल 16.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा आया नगर में 34.8 मिमी रही। इस वर्षा के चलते दिल्ली वालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। न्यूनतम तापमान में चार डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई।

शनिवार को 25 डिग्री रिकार्ड किया गया

शुक्रवार को जहां यह 29.6 डिग्री रहा था वहीं शनिवार को 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। अधिकतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री रहा वहीं शनिवार को यह 35.6 डिग्री दर्ज किया गया। अभी के मौसम में यह सामान्य है।

मौसम विभाग का मानना है कि अगले छह दिन दिल्ली में हल्की वर्षा होगी। इस दौरान हवा की रफ्तार भी अच्छी रहेगी, जिसके चलते गर्मी से राहत रहेगी। अगले सप्ताह भी अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच ही बना रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। यह 27 डिग्री तक पहुंच सकता है।

शनिवार को दिल्ली में कहां हुई कितनी वर्षा

स्थान वर्षा
सफदरजंग 16.5 मिमी
पालम 7.8 मिमी
लोधी रोड 12.7 मिमी
रिज 0.4 मिमी
आयानगर 34.8 मिमी

यह भी पढ़ें- चरम मौसमी घटनाएं बिगाड़ रहीं शहर की सूरत, दिल्ली के बुनियादी ढांचे को जलवायु सुरक्षा की जरूरत

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर