Delhi Weather Forecast:दिल्ली में 3 से 4 दिनों में ज़्यादा बारिश होने की संभावना नहीं, IMD ने जताई संभावना
Delhi NCR Weather Update भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बारिश भी होने की संभावना है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस का दौर मंगलवार को जारी है। सुबह से ही उमस-गर्मी का दौर शुरू हो जाता है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के उप महानिदेशक आनंद शर्मा ने कहा कि दिल्ली में अगले 3 से 4 दिनों में ज़्यादा बारिश होने की संभावना नहीं है, उसके बाद बारिश में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है, खासकर उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में।
बता दें कि सोमवार शाम को दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और कुछ इलाकों में बारिश से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन मंगलवार सुबह उमस और गर्मी ने फिर दिक्कत बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोग पसीने से तर नजर आए तो दफ्तर जा रहे लोग पसीना पोछते दिखे। गर्मी-उमस का यह दौर शुक्रवार तक जारी रहेगा और इसी रात को मौसम बदलेगा और अगले कुछ दिन तक झमाझम बारिश के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी होने की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी और उमस से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। इसी के साथ मौसम विभाग ने मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम न्यूनतम 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
शुक्रवार रात से शुरू होगा राहत का दौर
25 जून को दस्तक देने के साथ दिल्ली-एनसीआर में मानसून सुस्त पड़ गया है, लेकिन जल्द ही मानसून वापसी करेगा और दिल्ली पानी से सराबोर होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी शुक्रवार तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मानसून की बेरुखी झेलनी पड़ सकती है। इसके बाद शुक्रवार रात से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है जो फिर अगले कई दिन तक चलेगा।
इससे पहले उमस भरी गर्मी से बेहाल राजधानी दिल्ली के लोगों को सोमवार शाम आंधी और बारिश से कुछ राहत मिली। सोमवार को आंशिक रूप से बादल तो सुबह से ही छाए हुए थे। सूरज और बादलों के बीच लुका छिपी भी दिनभर चलती रही। शाम को एकाएक मौसम बदला और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी। आंधी के बाद अनेक इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 78 से 41 फीसद रिकॉर्ड हुआ। पालम सर्वाधिक गर्म रहा जहां का तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा।