Move to Jagran APP

Delhi Weather News: मानसून के पहले दिन रिकॉर्ड बारिश, सामान्य से आठ डिग्री नीचे पहुंचा तापमान; येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में मानसून ने दस्तक दे दी है और पहले दिन 50.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तीन वर्ष में पहली बार मानसून समय से पूर्व पहुंचा है। इससे पहले वर्ष 2020 में भी दिल्ली में मानसून 25 जून को पहुंचा गया था। पिछले 13 वर्षों में आठवीं बार मानसून जून के महीने में पहुंचा। इस दौरान मानसून के पहले ही दिन सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड हुई है।

By Ranbijay Kumar SinghEdited By: Abhi MalviyaUpdated: Sun, 25 Jun 2023 11:25 PM (IST)
Hero Image
राजधानी दिल्ली में मानसून ने दी दस्तक। (फोटो- जागरण)

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में मानसून ने दो दिन पहले रविवार को दस्तक दी है और पहले दिन 50.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तीन वर्ष में पहली बार मानसून समय से पूर्व पहुंचा है। इससे पहले वर्ष 2020 में भी दिल्ली में मानसून 25 जून को पहुंचा गया था।

पिछले 13 वर्षों में आठवीं बार मानसून जून के महीने में पहुंचा। इस दौरान मानसून के पहले ही दिन सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड हुई है। इस वजह से इस माह अब तक सामान्य से 31 प्रतिशत वर्षा अधिक हो चुकी है। साथ ही वर्षा तेज होने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे आ गया है।

दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक लगातार वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान दो दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सामान्य तौर पर 27 जून को मानसून पहुंचता है। पिछले वर्ष 30 जून को मानसून पहुंचा था। जबकि वर्ष 2021 में 13 जुलाई को मानसून आया था। वर्ष 2020 के अलावा वर्ष 2015 में 25 जून को मानसून आया था। तब पहले दिन क्रमश: 14.6 मिलीमीटर व 20.7 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

वर्ष 2008 में दिल्ली में 15 जून को मानसून पहुंचा था, जो सबसे जल्दी मानसून पहुंचने का अब तक रिकार्ड है। इसके बाद वर्ष 2013 को 16 जून को मानसून पहुंच गया था। तब 6.9 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे से पहले 48.3 मिलीमीटर व सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 2.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। इस तरह कुल 50.7 मिलीमीटर वर्षा हुई। जाफरपुर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस माह कितनी हुई है बारिश?

इस माह अब तक 71.4 मिलीमीटर हुई वर्षाइस माह दिल्ली में अब तक 71.4 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य (54.3 मिलीमीटर) से 17.1 मिलीमीटर अधिक है। पिछले वर्ष जून में 24.5 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, जो सामान्य (74.1 मिलीमीटर) से 67 प्रतिशत कम थी।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।