Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: दिल्ली में डराने लगी गर्मी! 33 डिग्री तक पहुंचा पारा, जानें फरवरी में क्यों बढ़ रहा तापमान?

Delhi Weather Update दिल्ली में फरवरी महीने में ही मार्च जैसी गर्मी हो रही है। 17 साल बाद ऐसा हुआ है जब फरवरी महीने में इतनी अधिक गर्मी देखने को मिली है। इससे पहले 2006 की फरवरी में इससे अधिक गर्मी पड़ी थी।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek TiwariUpdated: Wed, 22 Feb 2023 07:43 AM (IST)
Hero Image
Delhi Weather: दिल्ली में अभी से डराने लगी गर्मी! 33 डिग्री तक पहुंचा पारा

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। हालांकि अब न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी एक दो दिन यह गिरावट बरकारा रहेगी, जबकि इसके बाद फिर से इसमें वृद्धि होने लगेगी।

मंगलवार को भी दिन भर खिली रही तेज धूप के बीच राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 39 से 90 प्रतिशत दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान (32.7 डिग्री) के लिहाज से मंगलवार को स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, जबकि न्यूनतम तापमान (20.3 डिग्री) पीतम पुरा सबसे गर्म इलाके रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 व 14 डिग्री रह सकता है। बृहस्पतिवार को भी कमोबेश यही स्थिति रहेगी। इसके बाद शुक्रवार से इसमें वृद्धि हो सकती है। मौसम विज्ञानी डा. नरेश कुमार ने बताया कि बुधवार से संभावना है कि उत्तर पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों के तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट आए। उन्होंने कहा कि दिल्ली एनसीआर में अगले एक दो दिन अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है।

पांच डिग्री तक बढ़ा तापमान

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अगले पांच दिनों में देश के बड़े हिस्सों में बढ़ी गर्मी ने न सिर्फ आम लोगों का पसीना छुड़ा दिया है बल्कि मौसम विज्ञानियों को भी अचंभे में डाल दिया है। मौसम विभाग ने अचानक से बढ़ी इस गर्मी को आम जनजीवन को प्रभावित करने वाला बताया है। साथ ही कहा है कि यह गेहूं सहित इस सीजन की दूसरी प्रमुख फसलों के लिए भी नुकसानदायक है।

आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की आशंका भी जताई है। इस बीच देश के जिन हिस्सों में तापमान में अचानक से यह बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है, उनमें उत्तर-पश्चिम, केंद्रीय और समूचा पश्चिम भारत शामिल है। इस दौरान फरवरी महीने के दौरान रहने वाले सामान्य तापमान के मुकाबले इनमें तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। जो 35 से 39 डिग्री सेल्सियस तक हो गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अमूमन यह तापमान मार्च महीने के पहले हफ्ते में रिकार्ड किया जाता था। इससे पहले 2006 में करीब 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक 1969 के बाद फरवरी में तापमान में तीसरी बार ऐसी बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

ये भी पढ़ें-

Weather News: दिल्ली-NCR में अभी और बढ़ेगा पारा, उत्तर-पश्चिम भारत में भी ऐसा रहेगा मौसम का हाल; IMD का अलर्ट

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर