Move to Jagran APP

दिल्ली को जल्द मिलेगा तीन बड़ी परियोजनाओं का लाभ, इसमें राजधानी का पहला डबलडेकर फ्लाईओवर भी शामिल

दिल्ली की स्थिति पर नजर डालें तो भजनपुरा में बन रहे डबल डेकर फ्लाईओवर को दिसंबर तक जनता को समर्पित करने की सरकार की योजना है इसे डीएमआरसी बना रही है। इसमें फ्लाईओवर के हिस्से का पूरा पैसा दिल्ली सरकार के तहत पीडब्ल्यूडी खर्च कर रहा है जबकि ऊपर वाला हिस्सा मेट्रो लाइन के निर्धारित है। इसके लिए डीएमआरसी की योजना के तहत पैसा खर्च हो रहा है।

By V K Shukla Edited By: Sonu Suman Updated: Mon, 05 Aug 2024 10:05 PM (IST)
Hero Image
राजधानी दिल्ली को जल्द मिलेगा तीन बड़ी परियोजनाओं का लाभ
राज्य ब्यूराे, नई दिल्ली। काेरोना काल के बाद यह साल पहला ऐसा साल है जब दिल्ली को ढांचागत विकास की तीन बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिलने जा रहा है। अगले चार माह में ये परियोजनाएं एक-एक कर जनता को समर्पित होंगी। इनमें दाे पूर्वी दिल्ली और एक बाहरी-पश्चिमी दिल्ली की योजनाएं शामिल हैं। लोक निर्माण मंत्री आतिशी ने जल्द काम पूरा इन्हें जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे जनता को लाभ मिल सके।

दिल्ली की स्थिति पर नजर डालें तो भजनपुरा में बन रहे डबल डेकर फ्लाईओवर को दिसंबर तक जनता को समर्पित करने की सरकार की योजना है, इसे डीएमआरसी बना रही है। इसमें फ्लाईओवर के हिस्से का पूरा पैसा दिल्ली सरकार के तहत पीडब्ल्यूडी खर्च कर रहा है जबकि ऊपर वाला हिस्सा मेट्रो लाइन के निर्धारित है। इसके लिए डीएमआरसी की योजना के तहत पैसा खर्च हो रहा है।

अधिकारियों की लापरवाही से जाम भी लग रहा

इसके अलावा अप्सरा बार्डर से आनंद विहार के बीच बनने वाला फ्लाईओवर लगभग तैयार है, अगले माह यह जनता को समर्पित हो सकता है। मगर यहां पर सड़क संकरी हो जाने और स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही से जाम भी लग रहा है।

यह जानकारी सामने आने पर मंत्री आतिशी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि यह सुनिश्चित करें कि निर्माण स्थलों पर जनता को यातायात जाम से परेशानी नहीं उठानी पड़े। जिन स्थानों पर यातायात के संचालन के लिए जगह कम है वहां पर पूरे प्रबंध किए जाएं कि यातायात प्रभावित न हो और न ही जाम लगे। वहीं पंजाबी बाग सिग्नल फ्री परियोजना भी अगले माह तक पूरी हो रही है।

दिल्ली का पहला डबलडेकर फ्लाईओवर

यमुना विहार और भजनपुरा के बीच 1.4 किमी लंबा डबल-डेकर फ्लाईओवर बन रहा है। यह दिल्ली का पहला पहला डबलडेकर फ्लाईओवर होगा, जिसमें ऊपर के भाग में मेट्रो गुजरेगी, नीचे के भाग में वाहन और इसके नीचे यानी सड़के भाग में भी यातायात जारी रहेगा।इस याेजना का 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद आसपास के क्षेत्र की जनता को लंबे यातायात जाम से नहीं जूझना पड़ेगा और उनका कीमती समय बचेगा।

यातायात जाम से मिलेगी निजात

पंजाबी बाग स्थित दोनों सिंगल फ्लाईओवर को डबल किया जा रहा है। मौजूदा दोनों फ्लाईओवर वन-वे हैं। दोनों फ्लाईओवर की 1-1 लेन को बढ़ाकर तीन लेन का किया जा रहा है। इसके साथ ही दोनों फ्लाईओवर के साथ 3-3 लेन के नए फ्लाईओवर तैयार किए जा रहे हैं। फ्लाईओवर के दोहरीकरण के साथ इसका पंजाबी बाग़ से राजा गार्डन तक 1400 मीटर तक विस्तार भी किया जा रहा है।

आनंद विहार और अप्सरा बार्डर के बीच सिग्नल फ्री कॉरिडोर

आनंद विहार आरओबी और अप्सरा बार्डर आरओबी के बीच रोड नंबर-56 पर करीब 1440 मीटर लंबे और छह लेन के चौड़े फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है।इसके निर्माण के बाद रामप्रस्थ कॉलोनी, विवेक विहार और श्रेष्ठ विहार रेड लाइट पर लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी। एनसीआरटीसी द्वारा रैपिड मेट्रो का स्टेशन बनाने के बाद इस फ्लाईओवर से होकर प्रतिदिन औसतन 1.48 लाख वाहन गुजरेंगे।

सीएम अरविंद केजरीवाल की मंशा के अनुरूप दिल्ली की जनता को दुनिया की बेहतरीन ढांचागत सुविधाएं देने के लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध है। इसी के तहत अगले चार माह में ढांचागत विकास की तीन बड़ी परियोजनाएं जनता को मिलने जा रही हैं।इसमें अप्सरा बार्डर से आनंद विहार फ्लाई ओवर, पंजाबी बाग सिग्नल फ्री कॉरिडोर योजना तथा भजनपुरा में बन रहा डबलडेकर फ्लाईओवर शामिल है। इनसे पूर्वी दिल्ली और बाहरी दिल्ली पश्चिमी दिल्ली में जाम को दूर करने में बड़ी राहत मिलेगी। इससे पैसे की बचत हो रही है। शानदार इंजीनियरिंग का मॉडल बन चुके इस फ्लाईओवर से सघन आबादी वाले क्षेत्र में जमीन का बेहतर इस्तेमाल हुआ है। फ्लाईओवर और मेट्रो का यह एकीकृत माडल पर्यावरण के नजरिए से बेहतर साबित होगा। इसके साथ ही अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि निर्माण स्थलों पर जनता को जाम से भी बचाने की भी कोशिश की जाए। - आतिशी, लोक निर्माण मंत्री, दिल्ली सरकार

यह भी पढ़ेंः सुप्रीम सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से खुला वार्ड कमेटी और स्थायी समिति के गठन का रास्ता, जानें एल्डरमैन के क्या हैं अधिकार

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।