Move to Jagran APP

Delhi Zoo ने जानवरों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए की खास व्यवस्था, प्रदूषण से बचाने के लिए भी हुआ इंतजाम

दिल्ली चिड़ियाघर ने जानवरों को ठंड और प्रदूषण से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जानवरों के लिए विशेष आश्रय लकड़ी के तख्त चटाई बांस की स्क्रीन हवा को रोकने के लिए छप्पर रूम हीटर और डीह्यूमिडिफायर लगाए गए हैं। शाकाहारी जानवरों और पक्षियों को गर्म रखने के लिए धान के भूसे का बिस्तर और विशेष रूप से तैयार किए गए आश्रय दिए जाएंगे।

By Ritika Mishra Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 25 Oct 2024 06:29 PM (IST)
Hero Image
Delhi Zoo ने जानवरों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए की खास व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) ने जानवरों को वायु प्रदूषण के साथ-साथ ठंड से बचाने के लिए भी कवायद शुरू कर दी है। बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए, चिड़ियाघर के अधिकारी जानवरों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी पर ध्यान केंद्रित कर रहे है, साथ ही चिड़ियाघर परिसर में प्रदूषण को कम करने के प्रयास भी कर रहे हैं।

चिड़ियाघर प्रबंधन ने जानवरों की ठंड से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत शीतकालीन प्रबंधन योजना तैयार की है। विभिन्न प्रजातियों के अनुसार और उम्र के हिसाब से ये रणनीतियां लागू की जाएंगी, जो ठंड में जानवरों की रक्षा करने पर ध्यान केंद्रित करेंगी।

जानवरों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया आश्रय

चिड़ियाघर के अधिकारी ने बताया कि जानवरों के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए आश्रय, लकड़ी के तख्त, चटाई, बांस की स्क्रीन, हवा को रोकने के लिए छप्पर, रूम हीटर और डीह्यूमिडिफायर लगाए जाएंगे।

शाकाहारी जानवरों और पक्षियों को गर्म रखने के लिए धान के भूसे का बिस्तर और विशेष रूप से तैयार किए गए आश्रय दिए जाएंगे, जबकि मांसाहारी और प्राइमेट को ठंडी सतह से बचाने के लिए लकड़ी के तख्त, चटाई और कंबल दिया जाएगा।

कमजोर जानवरों की सुरक्षा के लिए नर को रखा जाएगा अलग

चिड़ियाघर के अधिकारियों ने बताया कि कमजोर जानवरों की सुरक्षा के लिए मणिपुरी हिरण जैसी प्रजातियों में प्रमुख नर जानवर को एक-दूसरे से अलग किया जाएगा, क्योंकि इस सर्दियों के माह में इनके बच्चे पैदा होते हैं और अलग रखने से इनमें होने वाले संघर्ष को रोका जा सकेगा व नवजात शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

आहार में नट्स, गुड़ और गन्ना शामिल किया गया

इसके साथ ही जानवरों के आहार में भी बदलाव किया जाएगा। जानवरों के आहार में नट्स, गुड़ और गन्ना शामिल किया गया है, उनको पोषक तत्वों की खुराक और इम्यूनोबूस्टर भी दिया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि सर्दियों के मौसम में होने वाली किसी भी स्वास्थ्य समस्या को तुरंत दूर करने के लिए पशु चिकित्सा प्रोटोकाल का सख्ती से पालन किया जाएगा, यह सुनिश्चित करते हुए कि सभी जानवरों को जरूरत पड़ने पर समय पर चिकित्सा सहायता मिले।

यह भी पढ़ें- Delhi-NCR के लोगों के लिए गुड न्यूज, दिसंबर तक बनकर तैयार होगा द्वारका एक्सप्रेस-वे; जानें क्या हैं इसकी खासियतें

यह भी पढ़ेंः Delhi Traffic: सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एडवाइजरी जारी, 26-27 अक्टूबर को इन मार्गों पर जानें से बचें

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।