Move to Jagran APP

कोरोना महामारी के बीच लुटियंस दिल्ली में दो बीमारियों ने दी दस्तक, 2 मामले आए सामने

Coronavirus पूरी दिल्ली की बात करें तो अभी तक डेंगू के सर्वाधिक मामले पूर्वी दिल्ली नगर निगम में हैं।

By Mangal YadavEdited By: Updated: Mon, 01 Jun 2020 05:36 PM (IST)
Hero Image
कोरोना महामारी के बीच लुटियंस दिल्ली में दो बीमारियों ने दी दस्तक, 2 मामले आए सामने

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। कोरोना के बाद अब डेंगू-चिकनगुनिया ने भी नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी ) क्षेत्र में दस्तक दे दी है। निगम की तरफ से जारी आंकड़ो के अनुसार बीते सप्ताह एनडीएमसी क्षेत्र में डेंगू और चिकनगुनिया के एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है। इस वर्ष का यह पहला मामला है जब एनडीएमसी क्षेत्र में मच्छर जनित बीमारी के मरीज की पुष्टि हुई हो।

राहत की बात है कि लगातार दूसरे सप्ताह दिल्ली के तीनों नगर निगम दक्षिणी, पूर्वी और उत्तरी में कोई नया मरीज सामने नहीं आया है। इस सप्ताह मलेरिया के एक मरीज की पुष्टि हुई है लेकिन वह मरीज कहा का रहने वाला है इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। इन नए मरीजों के साथ पूरी दिल्ली में मलेरिया के 19, डेंगू के 19 तो चिकनगुनिया के मरीजों का आंकड़ा 11 तक पहुंच गया है। इन तीनों बीमारियों के मरीजों की संख्या मिलाकर अब तक कुल 49 मरीज हो गए हैं। 

2017 के बाद पहली बार मई महीने में चिकनगुनिया ने दी दस्तक

वैसे तो समान्यतः हर वर्ष राजधानी में मच्छरजनित बीमारियों का लोगों को प्रकोप झेलना पड़ता है लेकिन, इस वर्ष कोरोना के चलते मच्छरजनित बीमारियों न केवल प्रशासन के लिए बल्कि लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। वर्ष 2017 के बाद यह पहली बार है कि मई में चिकनगुनिया का पहला मामला दर्ज हुआ हो। वहीं बीते वर्ष 2019 में लुटियंस दिल्ली में अब तक एक मरीज की पुष्टि हो चुकी थी।

बता दें कि नई दिल्ली जिले में लुटियंस दिल्ली का हिस्सा आता है। इस जिले में 1017 कोरोना के मरीज आ चुके हैं और 408 ठीक हो चुके हैं। वहीं 23 की मौत हो चुकी है।

डेंगू के सर्वाधिक मामले पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 

पूरी दिल्ली की बात करें तो अभी तक डेंगू के सर्वाधिक मामले पूर्वी दिल्ली नगर निगम में हैं। यहां पर अभी तक तीन तो वहीं दक्षिणी निगम में दो और उत्तरी दिल्ली नगर नगर निगम में एक मरीज की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 12 मरीजो के पते की पुष्टि नहीं हो पाई है। इसी तरह इस वर्ष मलेरिया के सर्वाधिक मामले उत्तरी दिल्ली इलाके से दर्ज किए गए है। यहां 4 तो वहीं पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली में 2-2 मरीजों की पुष्टि की जा चुकी है। 10 मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुए हैं और एक मरीज दिल्ली कैंट इलाके से है। चिकनगुनियां की बात करें तो 10 मरीजों के पते की पुष्टि नहीं हुई है वहीं एक मरीज बीते सप्ताह एनडीएमसी क्षेत्र से पाया गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।