Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Metro MD Vikas Kumar: दिल्ली मेट्रो में दिखेगी पीएम नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान की झलक

Delhi Metro MD Vikas Kumar दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालने वाले विकास कुमार का कहना है कि दिल्ली मेट्रो में स्वदेशी तकनीक पर जोर दिया जाएगा। विकास कुमार अगले 5 साल तक इस पद पर बने रहेंगे।

By Jp YadavEdited By: Updated: Sat, 02 Apr 2022 11:47 AM (IST)
Hero Image
Delhi Metro MD Vikas Kumar: दिल्ली मेट्रो में दिखेगा पीएम नरेंद्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' का प्रभाव

नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। विकास कुमार ने बतौर प्रबंध निदेश दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का कार्यभार संभाल लिया है। विकास कुमार ने शुक्रवार को बाकायदा आधिकारिक रूप से दिल्ली मेट्रो की कमान संभाली। इसके तत्काल बाद उन्होंने नई दिल्ली स्थित मेट्रो भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक बैठक की। इस अहम बैठक में विकास कुमार ने मेट्रो के कामकाज को लेकर साथी कर्मचारियों और अधिकारियों को संदेश भी दिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम में स्वदेशी तकनीक के इस्तेमाल पर अधिक जोर रहेगा। इसका मतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मेक इन इंडिया' को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस मौके पर डीएमआरसी के नए प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने यह भी कहा कि कोरोना से उबरने के बाद मेट्रो का परिचालन सामान्य हो चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही मेट्रो के यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि फेज चार की परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें कई चुनौतियां हैं, पर डीएमआरसी उन चुनौतियों का सामना करते हुए परियोजनाएं पूरा करेगा। मेट्रो कोच, सिग्नल सिस्टम इत्यादि तकनीक के मामले में डीएमआरसी स्वदेशीकरण की ओर बढ़ रहा है, उसे आगे जारी रखना है। उन्होंने दिल्ली मेट्रो को दुनिया का सबसे बेहतर मेट्रो बनाने पर जोर दिया। मौजूदा समय में दिल्ली मेट्रो के सभी कारिडोर पर विदेशी सिग्नल सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है।

यहां पर बता दें कि विकास कुमार आगामी 5 साल के लिए डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक बने हैं। विकास कुमार भारतीय रेल यातायात सेवा (आइआरटीएस) के 1988 बैच के अधिकारी हैं और 17 वर्ष से भी अधिक समय तक डीएमआरसी में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। पिछले एक दिसंबर को कार्यकारी निदेशक (परिचालन) की जिम्मेदारी भी संभाली थी। ऐसे में उनसे उम्मीदें भी ज्यादा हैं। मौजूदा समय में दिल्ली-एनसीआर में करीब 391 किलोमीटर नेटवर्क पर मेट्रो का परिचालन हो रहा है। उनके अनुभव के मद्देनजर माना जा रहा है कि मेट्रो की परिचालन व्यवस्था बेहतर रहेगी। उन्होंने मेट्रो के तीन सौ किलोमीटर नेटवर्क पर मेट्रो का परिचालन शुरू करने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में उनका अनुभव डीएमआरसी के काम आएगा।