Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

G20 Summit: दिल्ली में होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस के 10 हजार कर्मी संभालेंगे ट्रैफिक मैनेजमेंट

G20 Summit In Delhi दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान 10 हजार से अधिक यातायातकर्मी यातायात प्रबंधन का जिम्मा संभालेंगे। दो विशेष आयुक्त चार एडिशनल पुलिस कमिश्नर व डीसीपी स्तर के 15 अधिकारी यातायात प्रबंधन का जिम्मा संभालेंगे। सात सितंबर की रात से 29 देशों के मंत्रियों व अन्य के अलावा 13-14 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारियों को दिल्ली आना शुरू हो जाएगा।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek TiwariUpdated: Tue, 22 Aug 2023 08:30 AM (IST)
Hero Image
G20 Summit: दिल्ली में होंगे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

नई दिल्ली, राकेश कुमार सिंह। G20 Summit In Delhi : दिल्ली पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां आठ सितंबर से शुरू होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।

सुरक्षा में जरा भी चूक न हो, इसके लिए 10 दिन से दिल्ली पुलिस की सुरक्षा यूनिट रोज विदेश मंत्रालय के दिशानिर्देश में केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षा अभ्यास (रिहर्सल) कर रही है। हर दिन तड़के चार बजे से सुबह 11 बजे तक सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा है।

छह सितंबर तक चलेगा यह सिलसिला

दिल्ली पुलिस के इतिहास में यह पहला मौका है, जब लगभग एक वर्ष से जी-20 शिखर सम्मेलन की सुरक्षा में ड्यूटी में तैनाम होने वाले आला अधिकारियों से लेकर सिपाहियों को विभिन्न तरह के प्रशिक्षण देने के बाद अब उन्होंने सुरक्षा अभ्यास कराना शुरू किया गया है। यह सिलसिला छह सितंबर तक चलेगा।

सम्मेलन में यातायातकर्मियों की भी बड़ी भूमिका होगी। इसके लिए उन्हें भी कई स्तर पर प्रशिक्षण दिए गए। 10 हजार से अधिक यातायातकर्मी सम्मेलन के दौरान यातायात प्रबंधन का जिम्मा संभालेंगे। मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक दिल्ली यातायात पुलिस की संख्या लगभग 5,500 है जिनमें सभी रैंक के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं।

15 अधिकारियों पर भी रहेगी ट्रैफिक की जिम्मेदारी

जल्द ही इस यूनिट में लगभग 5,000 और उन कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो इसमें पहले सेवा दे चुके हैं। उन्हें यातायात प्रबंधन की बारीकी की जानकारी है और वे वर्तमान में जिले व अन्य यूनिटों में सेवा दे रहे हैं। दो विशेष आयुक्त, चार एडिशनल पुलिस कमिश्नर व डीसीपी स्तर के 15 अधिकारी यातायात प्रबंधन का जिम्मा संभालेंगे।

ये अधिकारी हर दिन यातायातकर्मियों की ब्रीफिंग दे रहे हैं। इसी तरह सुरक्षा यूनिट के आठ हजार जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। सभी जवान काले रंग के नए सफारी सूट में नजर आएंगे। सुरक्षा में तैनात दिल्ली पुलिस के जिले व अन्य यूनिटों में तैनात कर्मी, जिनकी ड्यूटी सुरक्षा में रहेगी, वे खाकी ही पहनेंगे।

नौ सितंबर की रात में आएंगे सभी राष्ट्राध्यक्ष

पुलिस अधिकारी का कहना है कि सात सितंबर की रात से 29 देशों के मंत्रियों व अन्य के अलावा 13-14 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के अधिकारियों को दिल्ली आना शुरू हो जाएगा। आठ सितंबर से शुरू होने वाले सम्मेलन में ये विदेशी मेहमान ही पहले प्रगति मैदान में सम्मेलन में हिस्स लेंगे।

नौ सितंबर की रात 29 देशों के राष्ट्राध्यक्ष आएंगे। वे होटलों में ठहरेंगे। उसके बाद 10 सितंबर की सुबह 8.30 बजे सभी राजघाट पहुंचेंगे। वहां महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प चढ़ाने के बाद प्रगति मैदान में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

कारकेड से किया जा रहा सुरक्षा अभ्यास

होटल से प्रत्येक राष्ट्राध्यक्ष को सुरक्षा घेरे में कैसे होटल से राजघाट, प्रगति मैदान व फिर वापस होटल तक छोड़ा जाएगा, इसके लिए कारकेड के साथ सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा है। एक कारकेड (काफिला) में 13-15 कारें रहेंगी, जिनमें सुरक्षा यूनिट की सभी गाड़ियां काले रंग की बूलेटप्रूफ गाड़ियां होंगी। जिन रूटों से काफिला गुजरेगा, वहां के हर प्वाइंट पर ड्यूटी करने वाले कर्मियों को ब्रीफिंग की जा रही है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें