Move to Jagran APP

'आप में दुर्योधन और दुःशासन, चीरहरण के बाद कर रहे चरित्रहरण', स्वाति मालीवाल मामले में बीजेपी का पलटवार

राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के मामले में भाजपा पर षड्यंत्र का आरोप लगा रही आम आदमी पार्टी (आप) पर भाजपा ने करारा पलटवार किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दुर्योधन और उनके पीए विभव कुमार को दुशासन की संज्ञा देते हुए आरोप लगाया कि यह आधुनिक दुर्योधन और दुशासन चीरहरण के बाद एक महिला का चरित्रहरण भी कर रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Published: Sat, 18 May 2024 06:35 PM (IST)Updated: Sat, 18 May 2024 06:35 PM (IST)
भाजपा की ओर से शहजाद पूनावाला ने शनिवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कई प्रश्न खड़े किए।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के मामले में भाजपा पर षड्यंत्र का आरोप लगा रही आम आदमी पार्टी (आप) पर भाजपा ने करारा पलटवार किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दुर्योधन और उनके पीए विभव कुमार को दुशासन की संज्ञा देते हुए आरोप लगाया कि यह आधुनिक दुर्योधन और दुशासन चीरहरण के बाद एक महिला का चरित्रहरण भी कर रहे हैं।

आप को महिला विरोधी करार देते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पूर्व नेता संदीप कुमार की घटना याद दिलाते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का राशन के बदले यौन शोषण का भी ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। स्वाति मालीवाल मामले में आप ने भाजपा पर षड्यंत्र के आरोप लगाए तो भाजपा की ओर से शहजाद पूनावाला ने शनिवार को गंभीर आरोप लगाते हुए कई प्रश्न भी खड़े किए।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से दुराचार और फिर दुष्प्रचार आम आदमी पार्टी का शिष्टाचार बन चुका है। 13 मई को स्वाति मालीवाल के साथ घटना होने के बाद 72 घंटे तक पार्टी साइलेंस (चुप्पी) रखती है। उसके बाद सांसद संजय सिंह द्वारा स्वीकार किया जाता है। फिर जिस तरह आरोपित विभव कुमार सीएम केजरीवाल के साथ दिखता है तो बचाव दिखाई देता है और सबसे अंत में कटी हुई वीडियो क्लिप के जरिए पीडि़ता पर ही दोषारोपण कर घिनौना अपराध किया जाता है।

पार्टी की ओर से बचाव कर रहीं दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी के बयानों का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, "आतिशी ने अपना मंत्री पद बचाने के लिए तर्क रखा कि एक और क्लिप आई सामने, इस क्लिप में साफ हो चुका है कि स्वाति मालीवाल लंगड़ा नहीं रहीं, कपड़े नहीं फटे, सिर से खून नहीं आ रहा, रो नहीं रही।" पूनावाला ने पूछा, यदि कोई महिला पीड़िता है और वह रोये-बिलबिलाए नहीं, कपड़े नहीं फटे हों, लंगड़ा नहीं रही हो तो क्या उसके साथ कुछ हुआ नहीं है? क्या देश की महिलाएं इस तर्क को स्वीकारेंगी?"

उन्होंने प्रश्न खड़े किए- आप बताए कि सच्चा बयान किसका है? आतिशी सच बोल रही हैं तो क्या संजय सिंह झूठ बोल रहे थे? केजरीवाल इस घटना पर अब तक चुप क्यों हैं? एक घंटे के घटनाक्रम में से बीस-तीस सेकेंड की क्लिप जारी क्यों की? पूरा सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं जारी कराया? आईएनडीआईए के नेताओं ने मौन क्यों साध रखा है? प्रियंका गांधी वाड्रा कह रही थीं कि आपस का मामला है। आपस का मामला है तो वीडियो जारी कर एक महिला का चरित्र हनन क्यों किया जा रहा है? कहां हैं शिवसेना उद्धव गुट की प्रियंका चतुर्वेदी, जिन्होंने अपने साथ अभद्रता होने पर ही कांग्रेस छोड़ी थी? राहुल गांधी का कोई बयान क्यों नहीं आया?

भाजपा पर षड्यंत्र के आरोप लगाने पर बोले, "पीटने वाले आप से। जो पिटी हैं, वह आप से। पिटाई का स्थान आप का, पिटाई के गवाह आप के लोग, पुष्टि करने वाले आप के और नाम किसी और का?" भाजपा प्रवक्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा कि केजरीवाल बताएं कि विभव कुमार के पास उनके घोटालों और कांड के ऐसे कौन से गहरे राज हैं, जो वह किसी भी कीमत पर विभव कुमार को संरक्षण दे रहे हैं और अपनी सांसद का चरित्रहनन तक करा रहे हैं।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.