Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Modi Cabinet 2024: पहली बार बने सांसद और मिल गई मोदी कैबिनेट में जगह, पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद को मिला ये मंत्रालय

मोदी मंत्रिमंडल की घोषणा सोमवार को हो गई। मंत्रालयों का बंटवारा हो गया है। पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा को भी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री बनाया गया है। वह नितिन गड़करी (सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय) के साथ काम करेंगे। बता दें कि हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को पीएम मोदी के साथ राष्ट्रपति भवन में शपथ ली थी।

By Jagran News Edited By: Geetarjun Updated: Mon, 10 Jun 2024 07:38 PM (IST)
Hero Image
दिल्ली के भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मोदी मंत्रिमंडल की घोषणा सोमवार को हो गई। मंत्रालयों का बंटवारा हो गया है। पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा को भी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री बनाया गया है। वह नितिन गड़करी (सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय) के साथ काम करेंगे। बता दें कि हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को पीएम मोदी के साथ राष्ट्रपति भवन में शपथ ली थी।

हर्ष मल्होत्रा पहली बार सांसद बने हैं। इन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी कुलदीप कुमार को हराया था। वह पूर्वी दिल्ली एमसीडी के मेयर भी रह चुके हैं।

1984 में राजनीति में रखा कदम

हर्ष मल्होत्रा नवीन शाहदरा के एच-ब्लाक में रहते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी और एलएलबी की डिग्री प्राप्त की है। छात्र जीवन के दौरान की हर्ष ने राजनीति की राह पर कदम बढ़ाए थे। वर्ष 1984 में वह यूथ विंग से जुड़े और युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष का दायित्व संभाला। वर्षों के राजनीतिक संघर्ष से गुजरते हुए वर्ष 2005 में वह भाजपा के नवीन शाहदरा जिले में महामंत्री बनाए गए। वर्ष 2007 में पदोन्नति देते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष बना दिया गया। दायित्वों के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए उन्हें जनसेवा के काम में उतारा गया।

कुपोषण के खिलाफ छेड़ी जंग, कंप्यूटर शिक्षा को दी तवज्जो

वर्ष 2012 में उन्हें वेलकम वार्ड से पार्षद का टिकट दिया गया। जीत दर्ज कर वह पूर्वी दिल्ली नगर निगम में पार्षद बने। विषयों के प्रति ज्ञान और गंभीरता को देखते हुए उन्हें निगम में शिक्षा समिति के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी गई। लगातार तीन वर्ष वह इस पद पर रहे। कुपोषित बच्चों को स्वस्थ बनाने की मुहिम ‘सुपोषण’ चलाई। इससे करीब 60 हजार बच्चों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचा। निगम स्कूलों के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने की पहल भी इनकी ओर से की गई थी। वर्ष 2015 में इनको महापौर का दायित्व सौंपा गया था। निगम का मुखिया होने के नाते इन्होंने वेस्ट टू वेल्थ का नारा देते हुए अपशिष्ट प्रबंधन की की परियोजना शुरू की थी। कचरे से बिजली बनाने के काम का आगाज इन्हीं के महापौर रहते हुआ था। वह वर्तमान में भाजपा दिल्ली प्रदेश के महामंत्री हैं।