Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश में फिर एनकाउंटर, दिल्ली से सटे नोएडा में दो बदमाशों व सिपाही को लगी गोली

यूपी में पिछले छह महीने के दौरान सैकड़ों बदमाशों का एनकाउंटर किया जा चुका है।

By JP YadavEdited By: Updated: Sun, 04 Mar 2018 07:29 AM (IST)
Hero Image
उत्तर प्रदेश में फिर एनकाउंटर, दिल्ली से सटे नोएडा में दो बदमाशों व सिपाही को लगी गोली

नोएडा (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के लिए खतरा बने बदमाशों के खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार सख्त मूड में दिखाई दे रही है। यही वजह है कि पिछले छह महीने के दौरान सैकड़ों बदमाशों का एनकाउंटर किया जा चुका है। ये सभी बदमाश या तो मारे गए या फिर पुलिस के हत्थे चढ़े। ताजा मामले में होली की रात भी दिल्ली से सटे नोएडा में पुलिस ने बदमाशों का एनकाउंटर किया। 

घायल बदमाशों की पहचान शोएब व समीर के रूप में हुई है। दोनों के पास से कुछ तमंचे और 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों के ऊपर विभिन्न थानों में 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। 

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात दादरी के कोट पुल पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस की कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी है। वहीं, बदमाशों की फायरिंग में एक कॉन्स्टेबल नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ेंः नई नहीं है नोएडा में फर्जी एनकाउंटर की घटना, कई इलाके बन चुके हैं एनकाउंटर स्‍पॉट

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 10 महीने के कार्यकाल में अब तक प्रदेश में पुलिस और अपराधियों के बीच 1142 एनकाउंटर हुए हैं। इस दौरान 2744 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं, वहीं 34 को पुलिस ने मार गिराया है।

एनकाउंटर के मामले में पश्चिम उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा है। अकेले मेरठ जोन में ही 449 इनकाउंटर हुए। इनमें 985 की गिरफ्तारी हुई, जबकि 22 अपराधी मारे गए और 155 घायल हुए। इस दौरान 128 पुलिसकर्मी घायल भी हुए जबकि एक की मौत हो गई। यह जानकारी उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दी गई है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।