Move to Jagran APP

पति की गर्लफ्रेंड की एंट्री के बाद पत्नी के साथ क्या हुआ, जानने के लिए पढ़िए यह खूनी लव स्टोरी

पूजा राज की हत्या पति राहुल मिश्र ने प्रेमिका पद्मा तिवारी की मदद से साजिश रचकर की थी। पूरा मामला दक्षिण पूर्वी जिले के किशनगढ़ का है।

By JP YadavEdited By: Updated: Sat, 04 May 2019 08:17 AM (IST)
Hero Image
पति की गर्लफ्रेंड की एंट्री के बाद पत्नी के साथ क्या हुआ, जानने के लिए पढ़िए यह खूनी लव स्टोरी
नई दिल्ली, जेएनएन। अवैध संबंधों का अंजाम हमेशा ही क्राइम में तब्दील हो जाता है, यह बात एक बार फिर सच साबित हुई है। दिल्ली में एक बार फिर अवैध संबंध का अंजाम खौफनाक साबित हुआ है। दरअसल, अवैध संबंधों में कांटा बन रहे पत्नी को पति ने प्रेमिका की मदद से रास्ते से ही हटा डाला, लेकिन जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने इंजीनियर पति राहुल मिश्र और उसकी प्रेमिका पद्मा तिवारी को पूजा राय की हत्या में गिरफ्तार किया है। पूजा राय की हत्या पति राहुल मिश्र ने प्रेमिका पद्मा तिवारी की मदद से साजिश रचकर की थी। पूरा मामला दक्षिण पूर्वी जिले के किशनगढ़ का है। 

किशनगढ़ इलाके में मार्च में हुई महिला की हत्या में पुलिस ने उसके पति व पति की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पति की पहचान किशनगढ़ निवासी राहुल कुमार मिश्रा (32) और मयूर विहार निवासी उसकी प्रेमिका पद्मा तिवारी (33) के रूप में हुई है। दोनों मूलरूप से झारखंड के धनबाद जिले के रहने वाले हैं। पद्मा गुरुग्राम में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करती है। वहीं, राहुल नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है।

राहुल की पत्नी पूजा राय (26) गुरुग्राम स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में एक्जीक्यूटिव थी। राहुल व पद्मा ने पहले तो जूस में जहरीला पदार्थ डालकर पूजा को पिलाया। इससे उसकी मौत हो गई। फिर फर्जी सुसाइड लेटर लिखकर इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।

दक्षिणी-पश्चिमी जिले के डीसीपी देवेंद्र आर्य ने बताया कि 16 मार्च को वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल से कॉल आई थी कि राहुल पत्नी पूजा राय को मृत अवस्था में लाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि महिला की मौत जहर से हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने महिला के घर से बरामद सुसाइड नोट की जांच कराई तो वह फर्जी निकला। इस पर पुलिस का यह शक और गहरा हो गया कि उसकी हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपितों ने सुसाइड नोट लिखकर इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है।

चूंकि महिला की शादी को अभी सात साल पूरे नहीं हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट ने भी इस मामले की जांच की। जांच में पता चला कि राहुल और पद्मा धनबाद में नर्सरी से 12वीं तक एक ही साथ पढ़े हैं। फिर दोनों अलग-अलग पढ़ाई करने चले गए और कई साल तक संपर्क में नहीं रहे। वर्ष-2015 में स्कूल के दोस्तों ने एक वाट्सएप ग्रुप बनाया, जिसमें पद्मा और राहुल दोनों थे। एक बार फिर दोनों की बातचीत होने लगी। दोनों दिल्ली में एक-दूसरे से मिलने लगे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले इसके खिलाफ थे।

इस कारण राहुल की शादी झारखंड की ही रहने वाली पूजा राय से मार्च 2017 में हो गई, लेकिन राहुल और पद्मा का मिलना-जुलना जारी रहा। पूजा को भी इस बात की जानकारी थी। अक्टूबर 2018 में राहुल के कहने पर पूजा ने पद्मा से संपर्क किया कि वह उसका सीवी अपडेट करवाए और उसे नौकरी दिलाए। पूजा इन दोनों के संबंधों पर ताने भी मारती थी। इसलिए दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

वारदात वाले दिन पद्मा जूस में जहर मिलाकर पूजा के घर गई और उसे पिला दिया। इससे पूजा की मौत हो गई। फिर पद्मा ने एक फर्जी सुसाइड नोट लिखकर रख दिया। वारदात के वक्त राहुल अपने ऑफिस में था। पद्मा ने राहुल को पूजा की हत्या की सूचना दे दी, लेकिन जांच में पता चला कि वारदात वाले दिन पद्मा पूजा के घर आई थी। यहीं से दोनों की साजिश का पर्दाफाश हो गया।

दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।