Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi News: भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्यमी सबसे अहम कड़ी: महेंद्रनाथ पांडेय

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि दैनिक जागरण अपने मूल कार्य के अलावा स्वास्थ्य शिक्षा पोषण पर्यावरण समेत कई तरह के सामाजिक अभियानों के जरिये लोगों को जगाता रहता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं द्वारा शुरू किए जाने वाले नए-नए स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

By Prateek KumarEdited By: Updated: Sat, 28 May 2022 07:59 PM (IST)
Hero Image
आधुनिक भारत को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में उद्यमी सबसे अहम कड़ी हैं।

नई दिल्ली [अरविंद द्विवेदी]। ओखला स्थित क्राउन प्लाजा टुडे होटल में शुक्रवार को दैनिक जागरण काफी टेबल बुक 'उद्योग रत्न' का अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने बुक का अनावरण करने के बाद उत्तर भारत के 25 उद्योगपतियों को उद्योग रत्न अवार्ड देकर सम्मानित किया। बुक में इन उद्योगपतियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों को शामिल किया गया है और इनकी सफलता की कहानी सामने लाई गई है।

बुक में बताया गया है कि उन्होंने कैसे अपना कारोबार शुरू किया, क्या चुनौतियां आईं और अपनी मेहनत व लगन से कैसे उन चुनौतियों का सामना किया। इस दौरान काफी टेबल बुक की लेखिका व दैनिक जागरण आइनेक्स्ट की पूर्व संपादक शर्मिष्ठा शर्मा, दैनिक जागरण के मुख्य महाप्रबंधक नीतेंद्र श्रीवास्तव समेत तमाम उद्यमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन आइसीसी मीडिया के सहयोग से किया गया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि दैनिक जागरण अपने मूल कार्य के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पर्यावरण समेत कई तरह के सामाजिक अभियानों के जरिये लोगों को जगाता रहता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं द्वारा शुरू किए जाने वाले नए-नए स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर रहे हैं। उद्यमी इस अभियान की एक मजबूत कड़ी के रूप में पीएम मोदी के इस काम को आगे बढ़ा रहे हैं।

आधुनिक भारत को आत्मनिर्भर बनाने के अभियान में उद्यमी सबसे अहम कड़ी हैं। इसके लिए आप सभी उद्यमी बधाई के पात्र हैं। पांडेय ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी अपने विचारों और नए विजन के जरिये देश को नई दिशा दे रहे हैं। वह देश के लोगों खासकर युवाओं को निरंतर प्रेरित कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने देश में ही गाड़ियां व आटो पार्ट बनाने के लिए उद्यमियों को प्रेरित करने की पहल की तो उम्मीद से दोगुना करीब 75 हजार करोड़ रुपये का इनवेस्टमेंट आया।

भारत ने ई-वाहन के लिए बैट्री के निर्माण व सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी अच्छा काम किया जा रहा है। आप जैसे उद्यमी भारत को आत्मनिर्भर बनाने में सबसे करीबी सहयोगी बन सकते हैं। महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों को देश में ही नवाचार के लिए प्रेरित कर रही है। इससे काफी निवेश भी आ रहा है। मोदी के दृष्टिकोण को आज देश की जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। उद्योग के क्षेत्र में आज भारत चीन की बराबरी करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आप लोग मेहनत कीजिए, सरकार आपके साथ खड़ी है। अपने काम और मेहनत की वजह से समाज के बीच आप लोग निश्चित तौर पर सम्मानित होंगे। केंद्रीय मंत्री के हाथों उद्योग रत्न अवार्ड से सम्मानित होकर उद्यमी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने काफी टेबल बुक पर केंद्रीय मंत्री के आटोग्राफ भी लिए।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें