Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: आज भी दिल्लीवासियों को झेलनी पड़ी भीषण गर्मी, 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा; इस दिन बदलेगा मौसम का मिजाज

दिल्लीवासियों को गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड पंजाब हरियाणा राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी 13 से 15 अप्रैल के बीच आंधी- तूफान बिजली गिरने ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Updated: Thu, 11 Apr 2024 10:16 PM (IST)
Hero Image
आज भी दिल्लीवासियों को झेलनी पड़ी भीषण गर्मी, कई इलाकों में पारा 40 के करीब पहुंचा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने कहा कि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों और अरब सागर से उच्च नमी के आने से इस सप्ताहांत में उत्तर पश्चिम भारत के पहाड़ों और मैदानी इलाकों में मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी 13 से 15 अप्रैल के बीच आंधी- तूफान, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

घरों को नुकसान पहुंचा सकती है हवाएं

मौसम विभाग ने तेज हवाओं के कारण वृक्षारोपण, बागवानी व खड़ी फसलों को नुकसान होने तथा ओलावृष्टि के चलते खुले स्थानों पर लोगों और जानवरों के घायल होने की चेतावनी जारी की है। यह भी कहा है कि तेज हवाएं कमजोर भवनों, कच्चे घरों/दीवारों/ झोपड़ियों को आंशिक नुकसान पहुंचा सकती हैं।

मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में किसानों को जल्द से जल्द परिपक्व फसलों, फलों और सब्जियों की कटाई करने और कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने या खेतों में कटी हुई उपज के ढेर को तिरपाल की चादर से ढकने का सुझाव दिया है। साथ ही जम्मू-कश्मीर के किसानों को जल जमाव से बचने के लिए फसल के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की भी सलाह दी है।

दिल्ली में कहीं कहीं तापमान पहुंचा 40 डिग्री

तेज धूप और तीखी गर्मी के बीच बृहस्पतिवार भी गर्मी कम नहीं हुई। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। एक दिन पहले बुधवार को यह 39.1 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 77 से 23 प्रतिशत रहा।

नजफगढ़ दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा पीतमपुरा में यह 39.5 डिग्री और आयानगर, जाफरपुर, पूसा में 39.2 डिग्री रहा। पीतमपुरा की सुबह भी खासी गर्म रही, जहां का न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बीच बीच में धूप भी खिली रहेगी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार शाम से दिल्ली के मौसम पर एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। शनिवार और रविवार को तेज हवाओं के साथ वर्षा होने के आसार हैं। दोनों दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

लगातार दूसरे दिन भी 'खराब' रही दिल्ली की हवा

बुधवार के बाद बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी दिल्ली की हवा 'खराब' श्रेणी में ही बनी रही। एक्यूआई 238 दर्ज किया गया। अगले दो दिन भी हवा के लगभग ऐसी ही स्थिति में रहने का अनुमान है। एक दिन पूर्व बुधवार को यह 222 था। मालूम हो कि बुधवार से पहले 31 मार्च को दिल्ली का एक्यूआइ 242 यानी 'खराब' श्रेणी में दर्ज हुआ था।

ये भी पढ़ेंः 'दिल्ली में पहली बार सड़कों पर नहीं, मस्जिदों में पढ़ी गई नमाज', ईद के मौके पर एलजी सक्सेना ने दी बधाई