Move to Jagran APP

अपने हिसाब से कांग्रेस को खड़ा कर रहे राहुल गांधी, लोकसभा चुनाव से पहले करीबी नेता को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

केरल के वायानाड से सांसद राहुल गांधी इन दिनों पार्टी को अपने तरीके से खड़ा कर रहे हैं। वह संगठन में विश्वस्त नेताओं को महत्वपूर्ण पद देकर अपनी टीम भी सुदृढ़ करना चाह रहे हैं। कोषाध्यक्ष के रूप में अजय माकन की नियुक्ति इसी का हिस्सा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राजस्थान चुनाव के पहले या बाद में सचिन पायलट को भी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

By sanjeev GuptaEdited By: Pooja TripathiUpdated: Tue, 03 Oct 2023 10:47 AM (IST)
Hero Image
राहुल गांधी पार्टी में अपने विश्वस्तों को दे रहे अहम जिम्मेदारी। फाइल फोटो

संजीव गुप्ता, नई दिल्लीl पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एक ओर अलग-अलग तबके के बीच जाकर पार्टी का जनाधार मजबूत करने में जुटे हैं, तो संगठन में विश्वस्त नेताओं को महत्वपूर्ण पद देकर अपनी टीम भी सुदृढ़ करना चाह रहे हैं।

कोषाध्यक्ष के रूप में अजय माकन की नियुक्ति इसी का हिस्सा है। माकन वही नेता हैं, जिन्होंने वर्ष भर पूर्व आलाकमान की मंशा अनुसार ही राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन करने का प्रयास किया था।

यह भी पढ़ें: CG Election 2023: PM Modi से लेकर राहुल-प्रियंका तक... जीत के लिए नेताओं ने एक माह में भरीं 100 उड़ानें

ये नेता माने जाते हैं राहुल के करीबी

जानकारों के मुताबिक केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, रणदीप सुरजेवाला, सचिन पायलट, मानिक टैगोर जैसे नेता राहुल गांधी के करीबियों में माने जाते हैं।

इनमें से केसी तो संगठन महासचिव का अहम जिम्मा संभाल ही रहे हैं, रणदीप को कर्नाटक की जीत के बाद मध्य प्रदेश की कमान भी सौंप दी गई है। इसी कड़ी में अब माकन को पार्टी कोषाध्यक्ष बनाया जाना भी बड़ा फैसला माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: Amritsar News: सचखंड पहुंचे राहुल गांधी, श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष चढ़ाया चंदो साहब

कांग्रेस में कोषाध्यक्ष माना जाता है नंबर 2

वरिष्ठ कांग्रेसियों के मुताबिक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में अध्यक्ष के बाद कोषाध्यक्ष को ही नंबर दो पर माना जाता है। यानी मल्लिकार्जुन खरगे के बाद अब माकन हो सकते हैं।

पूर्व में पार्टी कोषाध्यक्ष रहे सीताराम केसरी भी बाद में पार्टी अध्यक्ष बना दिए गए थे और लंबे समय तक बने रहे थे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि कोषाध्यक्ष का पद पार्टी में उसी नेता को मिलता रहा है, जो गांधी परिवार का खास हो।

अतीत में इस पद पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के ससुर उमाशंकर दीक्षित, अहमद पटेल, मोती लाल वोरा, पवन कुमार बंसल जैसे नेता रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें: 'जितनी आबादी, उतना हक', Bihar Caste Census को राहुल गांधी का समर्थन, बोले- भारत के जातिगत आंकड़े जानना जरूरी

माकन ने तय किया लंबा सफर

माकन को लेकर एक पहलू यह भी है कि वह प्रदेश इकाई से जुड़े पहले ऐसे नेता हैं, जो इस पद तक पहुंचे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष से लेकर एआईसीसी में इस पद तक पहुंचने में उन्होंने लंबा सफर तय किया है।

उनकी इस पदोन्नति से प्रदेश कांग्रेस के नेता भी खुश हैं और उन्हें सुखद भविष्य के लिए उम्मीद की किरण नजर आ रही है। 

राजस्थान चुनाव से पहले या बाद में पायलट को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

पार्टी सूत्र बताते हैं कि राजस्थान विधानसभा चुनाव के पहले या बाद में सचिन पायलट को भी अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। इसके अलावा आने वाले दिनों में एआईसीसी सहित प्रदेश इकाइयों के बदलाव में भी राहुल की ही पसंद को तवज्जो मिल सकती है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।