Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दिल्ली के किसानों के लिए खुशखबरी, उपराज्यपाल के फैसले से दो लाख किसानों को मिलेगा फायदा

दिल्ली के किसानों को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बढ़ी खुशखबरी दी है। राजधानी के किसान अब अपनी जमीन का म्यूटेशन करा सकेंगे। दिल्ली के शहरीकृत गांवों के किसान लंबे समय से इस अटपटे नियम-कानून से जूझ रहे थे। एलजी के इस फैसले से 2 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। इससे पहले कानून में किसान जरूरत पड़ने पर अपनी जमीन पर कर्ज भी नहीं ले सकता था।

By sanjeev Gupta Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Wed, 18 Sep 2024 04:08 PM (IST)
Hero Image
Delhi News: दिल्ली के किसान अब करा सकेंगे अपनी भूमि का म्यूटेशन: एलजी। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना ने मंगलवार को शहरीकृत गांवों के लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली घोषणा की। उन्होंने राजधानी के शहरीकृत गांवों में कृषि भूमि के मालिकाना हक को उत्तराधिकार के आधार पर दर्ज करने (म्यूटेशन) की घोषणा की। उन्होंने कहा, दिल्ली में विरासत के आधार पर पहले की तरह म्यूटेशन होगा।

इसी शुक्रवार से 12 गांवों में म्यूटेशन का काम शुरू हो जाएगा। इस काम के लिए प्रशासन की ओर से गांवों में शिविर लगाए जाएंगे। राजधानी में वर्ष 2010 से कृषि भूमि का म्यूटेशन बंद था। एलजी ने लंबे समय से इस तकलीफ को झेलने के लिए किसानों से माफी भी मांगी।

दिल्ली के गांवों के लिए ऐतिहासिक दिन-एलजी

मंगलवार को मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित डीडीए ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में एलजी ने कहा कि आज (मंगलवार को) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है और यह दिन दिल्ली के गांवों के लिए ऐतिहासिक दिन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज से दिल्ली के शहरीकृत गांवों में कृषि भूमि के उत्तराधिकार के आधार पर दाखिल खारिज अब राजस्व अधिकारी करेंगे, जैसा पहले किया जाता था।

वे इस बारे में आर्डर पर हस्ताक्षर करने के बाद इस कार्यक्रम में आए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब किसान की मृत्यु के बाद उनके बच्चे जमीन अपने नाम नहीं करा सकते थे, इससे बड़ा दुर्भाग्य और नहीं हो सकता है। यह काम बहुत पहले हो जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि म्यूटेशन के लिए गांव में शिविर लगाए जाएंगे। डीएम और एसडीएम देखरेख करेंगे। एलजी ने सांसदों से भी शिविर का नियमित रूप से निरीक्षण करने का अनुरोध किया।

एलजी ने दिल्ली ग्रामोदय अभियान के तहत उत्तर-पश्चिम दिल्ली के 18 गांवों में 41 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और सात परियोजनाओं का उद्घाटन किया। एलजी ने नमो ड्रोन दीदी योजना और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के 21 गांवों में घरेलू पीएनजी का भी उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सांसद मनोज तिवारी, योगेंद्र चंदोलिया, बांसुरी स्वराज, रामवीर सिंह बिधूड़ी और कमलजीत सहरावत के अलावा दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र, डीडीए के उपाध्यक्ष सुभाशीष पांडा समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

डीडीए से एनओसी की दिक्कतें जल्द होंगी दूर : सक्सेना

एलजी वीके सक्सेना (LG VK Saxsena) ने कहा कि सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने एक और महत्वपूर्ण बात बताई। सांसद ने बताया कि दिल्ली के निवासियों को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) से एनओसी लेने में बहुत बड़ी दिक्कत होती है। एलजी ने बताया कि इस समस्या पर भी कार्य चल रहा है। समस्या का हल कैसे हो, इस पर विचार किया जा रहा है। उनकी कोशिश होगी कि इस समस्या का समाधान हो।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर