Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kisan Andolan: किसानों के मार्च का असर, दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ध्वस्त; कम संख्या में राजधानी से रवाना हुईं बसें

किसानों के आंदोलन का असर दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर पड़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली से काफी कम संख्या में हरियाणा पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए बसें रवाना हुईं। इस कारण उत्तर दिशा में जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी। लोकल ट्रेनें और मेट्रो में भी भीड़ बढ़ गई। सामान्य दिनों की तुलना में हरियाणा और पंजाब के लिए कम बसें रवाना हुईं।

By Jagran News Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Wed, 14 Feb 2024 08:53 AM (IST)
Hero Image
किसानों के मार्च का असर, दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था ध्वस्त

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। किसानों के दिल्ली कूच से सबसे अधिक परेशान यात्री हैं। प्रतिदिन लाखों लोग नौकरी, व्यवसाय, उपचार एवं अन्य कामों से दिल्ली आते हैं। दिल्ली सीमाओं पर बढ़ी चौकसी और सड़क बंद होने से आवागमन में परेशानी हो रही है।

मंगलवार को दिल्ली से काफी कम संख्या में हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए बसें रवाना हुईं। इस कारण उत्तर दिशा में जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी। लोकल ट्रेनें और मेट्रो में भी भीड़ बढ़ गई। इस स्थिति का लाभ उठाते हुए विमान कंपनियों ने चंडीगढ़, अमृतसर और जम्मू का किराया बढ़ा दिया है।

हरियाणा, पंजाब जाने वाले यात्री आइएसबीटी कश्मीरी गेट पर भटकते रहे। वहां मौजूद कर्मचारी बसों के चलने की सही जानकारी देने में असमर्थता जता रहे है। सामान्य दिनों की तुलना में हरियाणा और पंजाब के लिए 20 प्रतिशत से भी कम बसें रवाना हुईं। पंजाब के यात्री तीन दिन से परेशान हैं।

ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी

लोकल ट्रेनों के साथ ही पंजाब व हरियाणा जाने वाली अन्य ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। चंडीगढ़, लुधियाना व अमृतसर जाने वाली शताब्दी व वंदे भारत एक्सप्रेस में पहले आसानी से टिकट मिल जाता था। अब इन ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ी, तो विशेष ट्रेन चलाने पर विचार होगा।

मेट्रो के कई स्टेशनों पर गेट बंद किए

ब्लू लाइन, रेड लाइन, यलो लाइन सहित मेट्रो के अधिकांश कारिडोर पर यात्रियों की भीड़ रही। सुबह और शाम कार्यालय आने-जाने के समय पर अधिक भीड़ रही। केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, राजीव चौक, कश्मीरी गेट सहित अन्य प्रमुख व इंटरचेंज मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की अधिक भीड़ थी।

मेट्रो स्टेशन में प्रवेश के लिए कई स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी लाइन लगी रही। पुलिस के निर्देश पर दिन में राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, उद्योग भवन, जनपथ और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशन के कुछ गेट बंद कर दिए गए जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अधिकारियों का कहना है कि शाम सात बजे सभी बंद गेट खोल दिए गए थे।

ज्यादा किराया वसूल रहीं हैं विमानन कंपनियां

बसें नहीं चलने और ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण लोग विमान से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं। इस स्थिति का लाभ उठाते हुए विमान कंपनियों ने तीन से चार गुना तक किराया बढ़ा दिया है।

आम दिनों में अमृतसर का एयर टिकट साढ़े तीन से पांच हजार रुपये तक में मिलता है। अब 15 हजार तक किराया देना पड़ रहा है। साढ़े चार से सात हजार रुपये में मिलने वाला जम्मू का एयर टिकट बढ़कर 15 हजार से अधिक का हो गया है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर