Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Dengue Cases: दिल्ली में डेंगू से पहली मौत, इस साल अब तक 650 से ज्यादा मामले आए सामने

दिल्ली में इस साल डेंगू ने पहली जान ले ली। लोक नायक अस्पताल में 54 वर्षीय व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस साल अब तक 650 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल 2023 में दिल्ली में डेंगू के 9266 मामले और 19 मौतें दर्ज की गई थीं। भाजपा ने निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

By uday jagtap Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Mon, 16 Sep 2024 08:43 AM (IST)
Hero Image
डेंगू से दिल्ली में मौत पर भाजपा ने निगम को घेरा

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। वेक्टर (परजीवी, वायरस और बैक्टीरिया) जनित बीमारी के मामलों में वृद्धि के बीच दिल्ली में इस साल डेंगू से पहली मौत दर्ज हुई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पिछले हफ्ते लोक नायक अस्पताल में 54 वर्षीय एक व्यक्ति की डेंगू से मौत हो गई।

27 अगस्त को कराया गया था भर्ती

इस व्यक्ति को पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर के रहने वाले 27 अगस्त को लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आधिकारिक रिकार्ड के अनुसार, उसे आठ सितंबर को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि अभी डेंगू से पीड़ित पांच मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।

डेंगू के 650 से अधिक मामले आए सामने

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों के मुताबिक, इस साल राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के 650 से अधिक मामले सामने आए हैं। 2023 में दिल्ली में डेंगू के 9,266 मामले और 19 मौतें दर्ज की गईं थी।

पिछले साल के जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले नगर निकाय ने डेंगू के मामलों और मौतों पर साप्ताहिक रिपोर्ट जारी करना बंद कर दिया था, हालांकि नगर निगम समय समय पर डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक करती है।

डेंगू से दिल्ली में मौत पर भाजपा ने निगम को घेरा

राजधानी दिल्ली में डेंगू से पहली मौत होने का दावा भाजपा ने किया है। निगम में नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह व भाजपा दिल्ली प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि बार- बार निगम की आप सरकार को चेतावनी देने के बाद भी कोई कदम मच्छर जनित बीमारियों को लेकर जमीनी स्तर पर उठाए जा रहे हैं।

राजा इकबाल सिंह ने कहा कि खेदपूर्ण है कि बढ़ती वर्षा, जलजमाव एवं गंदगी के बावजूद महापौर ने मच्छर रोधी अभियान पर बिल्कुल ध्यान नही दिया, सिर्फ बयानबाज़ी की और उसके कारण दिल्ली की स्थिती पूरी तरह बिगड़ गई है और आज डेंगू मलेरिया दिल्ली में पैर पसार रहे हैं।

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा है की डेंगू से शुक्रवार को इस वर्ष दिल्ली में पहली मौत लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में हुई और इसने दिल्ली वालों को बेचैन कर दिया है। हालांकि निगम की ओर से इस पर कोई स्पष्टता नहीं की गई साथ ही एलएन अस्पताल से भी कोई जवाब नहीं आया। बीते सप्ताह तक डेंगू के 600 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर