Move to Jagran APP

अशोक विहार के बाद अब किराड़ी में गिरी पांच मंजिला इमारत, एक की मौत

इससे पहले 26 सितंबर को दिल्ली के अशोक विहार फेज तीन इलाके में तीन मंजिला बिल्डिंग गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में चार बच्चे व एक महिला थी।

By Amit SinghEdited By: Updated: Fri, 28 Sep 2018 01:18 PM (IST)
Hero Image
अशोक विहार के बाद अब किराड़ी में गिरी पांच मंजिला इमारत, एक की मौत
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में मनमाने निर्माण की वजह से इमारतों के गिरने और उससे मरने वालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पहले अशोक विहार फेज तीन अंतर्गत सावन पार्क इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के एक दिन बाद ही अशोक विहार के करीब किराड़ी में पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई। इसकी वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

उत्तरी दिल्ली का किराड़ी इलाका रोहिणी जोन निगम के अंतर्गत आता है। बताया जा रहा है कि यहां कई दिनों से अवैध तरीके से इस पांच मंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। इसकी दीवार गिरने से वहां काम कर रहे एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई है। लोगों का कहना है कि अशोक विहार समेत किराड़ी आसपास बड़े पैमाने पर बहुमंजिला भवनों का अवैध निर्माण चल रहा है।

बताया जा रहा है कि किराड़ी में हादसे का शिकार हुआ मजदूर अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी कमाई से ही पूरे परिवार का पेट भरता था। उसकी एक डेढ़ साल की बेटी भी है। हादसे के बाद स्थानीय निगम पार्षद ने घटना के लिए निगम में फैले भ्रष्टाचार को जिम्मेदारी ठहराया है। लागतार दो बड़े हादसे होने के बाद रोहिणी जोन में जबरदस्त हंगामा मचा हुआ है।

इससे पहले 26 सितंबर को दिल्ली के अशोक विहार फेज तीन इलाके में तीन मंजिला बिल्डिंग गिरने से सात लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में चार बच्चे व एक महिला थी। इनके अलावा इस तीन मंजिला बिल्डिंग में हादसे के वक्त मौजूद पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये इमारत काफी समय से असुरक्षित घोषित थी। पूरी इमारत केवल एक पेड़ के सहारे टिकी थी। इसके गिरने से आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस हादसे के बाद हरकत में आई दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।