Move to Jagran APP

यमुना में पानी भरा देख नहाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे लोग, बच्ची सहित दो की मौत

हथिनीकुंड बैराज से लगातार यमुना में पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में बाढ़ की स्थिति बन गई है। यमुना में पानी भरा देख कई लोग उसमें नहाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे। नहाने के इसी क्रम में दो हादसे हुए हैं।

By Amit MishraEdited By: Updated: Wed, 01 Aug 2018 02:46 PM (IST)
Hero Image
यमुना में पानी भरा देख नहाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे लोग, बच्ची सहित दो की मौत

नई दिल्ली [जेएनएन]। यमुना में आई बाढ़ के कारण अब लोगों की जान भी जाने लगी है। मंगलवार को दो अलग-अलग मामले में तीन लोग बाढ़ के पानी में डूब गए। इसमें 11 वर्षीय आशा व 23 वर्षीय युवक सुरेश की मौत हो गई। जबकि सात वर्ष के बच्चे राजा का इलाज लोक नायक अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। 

दरअसल, हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार यमुना में पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में बाढ़ की स्थिति बन गई है। यमुना में पानी भरा देख कई लोग उसमें नहाने का मोह नहीं छोड़ पा रहे। नहाने के इसी क्रम में मंगलवार को दोनों हादसे हुए।

पहला मामला 

पहले मामले में आशा और राजा के परिवार बेला गांव आसपास रहते हैं। मंगलवार की दोपहर दोनों बच्चे नहाने के लिए यमुना में गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख पहले तो स्थानीय लोगों ने उन्हें निकालने का प्रयास किया। लेकिन, वे सफल नहीं हुए। बाद में घटना की जानकारी 12.30 बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आइपी इस्टेट थाने के कर्मी गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और आशा और राजा को बाहर निकाल लिया गया। बाद में उन्हें लोक नायक अस्पताल ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने आशा को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजा का इलाज चल रहा है। 

दूसरा मामला 

दूसरी घटना न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में घटी। नहाने के क्रम में यमुना नदी में डूबने से 23 वर्षीय सुरेश की मौत हो गई। सुरेश मंगलवार की शाम करीब पाच बजे न्यू उस्मानपुर स्थित पाइपलाइन के पास नहाने गया था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाल अस्पताल में भर्ती कराया। जहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।